
डोनाल्ड ट्रंप और पुतिन मिलकर ना कर दें कोई खेल, 30 देशों संग जेलेंस्की की अर्जेंट मीटिंग
इससे पहले यूक्रेन के लिए यूरोपीय समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे जेलेंस्की ने कहा है कि निस्संदेह रूस इस बात पर जोर दे रहा है कि हम अपने क्षेत्र उसे सौंप दें। लेकिन जाहिर है हम ऐसा कुछ भी नहीं होने देना चाहते।
Russia Ukraine War: रूस के साथ समझौते के लिए बढ़ते अमेरिकी दबाव के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने किसी भी क्षेत्र को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया है। यूक्रेन के लिए यूरोपीय समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे जेलेंस्की ने गुरुवार को कहा है कि युक्रेन यह लड़ाई इसीलिए लड़ रहा है कि क्योंकि वह अपनी कोई भी रूस को नहीं देना चाहता। इस बीच जेलेंस्की ने गुरुवार को लगभग 30 देशों के नेताओं और अधिकारियों के साथ अर्जेंट मीटिंग बुलाई है।
इस बैठक में जर्मनी, ब्रिटेन और फ्रांस सहित यूक्रेन के कई सहयोगियों के शामिल होने की उम्मीद है। कई देशों ने बैठक में वीडियो लिंक के जरिए हिस्सा लेने पर सहमति भी जताई है। बैठक को 'कोएलिशन ऑफ द विलिंग' का नाम दिया गया है। जेलेंस्की ने संकेत दिए हैं कि यह बातचीत जल्दबाजी में आयोजित की गई है क्योंकि ट्रंप का दबाव बढ़ता ही जा रहा है। जानकारी के मुताबिक युक्रेन के अधिकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दबाव के लिए कोई तोड़ निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा है कि उन्होंने और यूरोपीय नेताओं ने फोन पर काफी सख्त शब्दों में नए प्रस्तावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की को शांति योजना पर अपने देश की स्थिति के बारे में ‘यथार्थवादी’ होना होगा और यूक्रेनी क्षेत्र रूस को सौंपना ही होगा।
अमेरिका का नया प्रस्ताव
गौरतलब है कि अमेरिका ने हाल ही में रूस और यूक्रेन जंग में समझौता कराने की कोशिश में एक नया प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव में यूक्रेन को डोनबास सहित कई इलाकों को छोड़ने की बात कही गई है। साथ ही अमेरिका क्रीमिया सहित इन क्षेत्रों को रूस के हिस्से के रूप में अधिकारिक मान्यता भी देगा। जाहिर तौर पर यूक्रेन को यह शर्तें मंजूर नहीं हैं। हालांकि ट्रंप यूक्रेन पर इस समझौते के लिए रजामंदी देने का दबाव डाल रहे हैं। फिलहाल जेलेंस्की अपने यूरोपीय साथियों की शरण में हैं और उनसे बातचीत जारी है।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




