चुनाव को लेकर ट्रंप ने फिर से जेलेंस्की को लताड़ा, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने भी दिया जवाब
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने यूक्रेनी समकक्ष जेलेंस्की के ऊपर सत्ता से चिपके रहने और युद्ध का बहाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युद्ध को लेकर कीव को यथार्थवाद से देखना होगा। इस पर जवाब देते हुए जेलेंस्की ने कहा कि वह 3 महीने के भीतर चुनाव कराने के लिए तैयार हैं।
Russia Ukraine War Update: रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति समझौते पर जेलेंस्की की असहमति के बाद ट्रंप ने एक बार फिर से कीव में चुनाव का मुद्दा उठाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूक्रेन के लोकतंत्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि जेलेंस्की पद पर बने रहने के लिए युद्ध का बहाना बना रहे हैं… जेलेंस्की को युद्ध को लेकर यथार्थवादी होना होगा और सोचना होगा कि वह अगला चुनाव कब करवा रहे हैं। इससे पहले ट्रंप के इसी तरह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जेलेंस्की ने कहा था कि यदि सहयोगी देश युद्धकाल में सुरक्षित मतदान की गारंटी दें और यदि यूक्रेन के चुनावी कानून में संशोधन किया जा सके तो यूक्रेन तीन महीने के भीतर चुनाव करा सकता है।
ट्रंप ने मीडिया से बात करते जेलेंस्की के ऊपर सत्ता से चिपके रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "वहाँ लंबे समय से चुनाव नहीं हुए हैं। आप जानते हैं, वे लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन एक समय ऐसा आता है जब यह लोकतंत्र नहीं रह जाता।"
इस पर जेलेंस्की ने कहा ने कहा कि वह चुनाव के लिए तैयार हैं। लेकिन मतदान के लिए उन्हें यूरोप और अमेरिका की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन सुरक्षित होता है तो वह 60 से 90 दिनों के भीतर मतदान कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, "चुनाव कराने के लिए दो मुद्दों पर ध्यान देना आवश्यक है जिनमें पहला है सुरक्षा- चुनाव कैसे कराए जाएं, हमलों और मिसाइल हमलों के बीच चुनाव कैसे कराए जाएं और दूसरा, हमारी सेना से संबंधित प्रश्न- वे कैसे मतदान करेंगे। और दूसरा मुद्दा चुनावों की वैधता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक विधायी ढांचा है।’’
जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों से ऐसे विधायी प्रस्ताव तैयार करने को कहा है जो यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू होने के दौरान चुनाव कराने की अनुमति देने वाला हो।
आपको बता दें, जेलेंस्की का कार्यकाल 2019 से शुरू हुआ था, जो कि अब समाप्त हो चुका है। हालांकि, युद्ध के चलते उनके कार्यकाल को लगातार बढ़ाया जाता रहा है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन भी जेलेंस्की के कार्यकाल संबंधी इस मुद्दे को कई बार उठा चुके हैं। उनका कहना है कि जेलेंस्की का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इसलिए वह किसी भी तरह से शांति समझौते पर यूक्रेन की तरफ से हस्ताक्षर करने केलिए वैध उम्मीदवार नहीं है।
दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बात करें तो जेलेंस्की को लेकर उनका व्यवहार यूक्रेनी राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया को लेकर निर्भर करता है। जब वह उनकी प्रतिक्रिया से खुश होते हैं, तो उन्हें एक बेहतर नेता बताते हैं और जब खुश नहीं होते तो तानाशाह तक करार दे देते हैं। हाल ही में ट्रंप जेलेंस्की से इसलिए नाराज माने जा रहे हैं क्योंकि यूक्रेनी राष्ट्रपति ने युद्ध को समाप्त करने के लिए ट्रंप द्वारा सुझाए गए प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया है। ट्रंप की तरफ से कहा गया कि जेलेंस्की की टीम को यह प्रस्ताव पसंद आया था लेकिन जेलेंस्की ने इस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




