
गोल-मोल बातों से पुतिन ने बढ़ाया सस्पेंस; ट्रंप वाले प्लान पर समर्थन के संकेत, पर एक चेतावनी भी
रूस के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह ट्रंप द्वारा पेश की गई शांति योजना के बारे में अब तक ज्यादा कुछ नहीं कहा है। ट्रंप द्वारा समझौते के लिए लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद, पुतिन ने यूक्रेन में अपने लक्ष्यों से पीछे हटने की कोई इच्छा नहीं दिखाई है।
Russia Ukraine War News: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिकी प्रस्ताव बातचीत के लिए एक प्रारंभिक बिंदु हो सकती है। इस तरह पुतिन ने एक बार फिर इस प्रस्ताव को लेकर ना तो पूरी सहमति जताई, ना ही उन्होंने इससे किनारा किया। पुतिन ने अमेरिका द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव को लेकर यह संकेत जरूर दिए हैं कि उन्हें इस योजना से कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन को चेतावनी भी दी है। उन्होंने यूक्रेनी सेना से कहा कि उन्हें पीछे हट जाना चाहिए, वरना रूस की बड़ी सेना उन्हें पराजित कर देगी।
पुतिन ने किर्गिस्तान की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के अंत में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "हमें बैठकर इस पर गंभीरता से चर्चा करने की जरूरत है।" उन्होंने कहा, "हर शब्द मायने रखता है।" उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना को एक समझौते के मसौदे के बजाय चर्चा के लिए रखे गए मुद्दों का एक समूह बताया। व्लादिमीर पुतिन ने आगे कहा, "अगर यूक्रेनी सैनिक अपने कब्जे वाले इलाकों से हट जाएं, तो शत्रुता समाप्त हो जाएगी। अगर वे नहीं हटते, तो हम बल के बूते ऐसा करेंगे।"
बता दें कि रूस के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह ट्रंप द्वारा पेश की गई शांति योजना के बारे में अब तक ज्यादा कुछ नहीं कहा है। वहीं ट्रंप द्वारा समझौते के लिए लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद, पुतिन ने यूक्रेन में अपने लक्ष्यों से पीछे हटने की कोई इच्छा नहीं दिखाई है।
जेलेंस्की के सामने दुविधा
इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलेडिमीर जेलेंस्की ने बीते सोमवार को कहा था कि उनका देश एक नाजुक स्थिति में है। उन्होंने जोर देकर कहा था कि यूक्रेन के लिए एक तरफ अपनी इज्जत खोने, तो दूसरी तरफ अमेरिका को एक साथी के तौर पर खोने का रिस्क है। जेलेंस्की ने कहा था, “असली शांति पाने के लिए हमें ज्यादा की जरूरत है। बेशक हम सभी पार्टनर्स, खासकर अमेरिका के साथ काम करना जारी रखेंगे और ऐसे समझौतों की तलाश करेंगे जो हमें मजबूत करें लेकिन कमजोर न करें।”
अमेरिकी प्रस्ताव में क्या?
अमेरिका के इस 28 सूत्री प्रस्ताव में यूक्रेन से दोनबास का इलाका छोड़ने, अपनी सेना में कटौती करने और NATO में शामिल होने की अपनी इच्छाओं को छोड़ने के लिए कहा गया था। वहीं इसके तहत अमेरिका क्रीमिया को रूस के आधिकारिक हिस्से में भी मान्यता दे सकता है। हालांकि रूस की इस तरह की मांगों को यूक्रेन काफी समय से खारिज करता रहा है और जेलेंस्की ने कई मौकों पर कहा है कि इस तरह की मांगें यूक्रेन के लिए लाल रेखा है। बीते दिनों यह खबर भी सामने आई थी कि यूक्रेन ने इस प्रस्ताव के तहत रूस को फायदा पहुंचाने वाले कुछ बिंदुओं को हटवाने के लिए अमेरिका को राजी कर लिया है।
जारी है जंग
इस बीच अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के उत्तरी सूमी क्षेत्र में एक रूसी ड्रोन हमले में 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन के ओदेसा और निप्रोपेत्रोव्यस्क क्षेत्रों पर भी हमला किया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए और भीषण आग लग गई। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, रूस ने रात भर यूक्रेन पर 142 ड्रोन दागे। इस बीच, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी वायु रक्षा ने विभिन्न रूसी क्षेत्रों और काला सागर के ऊपर रात भर में 118 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




