
जेलेंस्की ने पढ़ा तक नहीं US का प्रस्ताव, ट्रंप कैसे रुकवा पाएंगे युद्ध; किस मूड में है रूस
डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की की आलोचना ऐसे वक्त में की है जब रविवार को रूस ने ट्रंप प्रशासन की नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति का स्वागत किया। इसी बीच, अधिकारियों ने बताया कि ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के नेता सोमवार को लंदन में जेलेंस्की के साथ बैठक करेंगे।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की उनके देश द्वारा तैयार किए गए उस शांति प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने के लिए 'तैयार नहीं हैं'। इसका उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करना है। दोनों मुल्कों के बीच फरवरी 2022 से ही सैन्य संघर्ष जारी है।
रूस और यूक्रेन के बीच मतभेदों को कम करने के उद्देश्य से शनिवार को अमेरिकी और यूक्रेनी वार्ताकारों ने तीन दिन की बातचीत पूरी की लेकिन रविवार रात पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने संकेत दिया कि वार्ता को आगे बढ़ने से रोकने वाले जेलेंस्की ही हैं। ट्रंप ने कहा, 'मुझे थोड़ी निराशा है कि राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अभी तक इस प्रस्ताव को नहीं पढ़ा है, कुछ घंटे पहले तक यही स्थिति थी। उनकी टीम को यह पसंद है, लेकिन उन्होंने इसे नहीं पढ़ा।'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि रूस को इससे कोई दिक्कत नहीं है लेकिन यह पक्का नहीं कि जेलेंस्की को यह ठीक लगे। उनकी टीम को यह पसंद है लेकिन वह तैयार नहीं हैं।'
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की योजना को सार्वजनिक रूप से मंजूरी नहीं दी है। वास्तव में पिछले सप्ताह पुतिन ने कहा था कि ट्रंप के प्रस्ताव के कई पहलू अव्यावहारिक हैं। हालांकि, प्रस्ताव का मूल मसौदा मॉस्को के पक्ष में अधिक झुका हुआ था।
जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि उन्होंने उन अमेरिकी अधिकारियों के साथ 'फोन पर महत्वपूर्ण बातचीत' की है, जो फ्लोरिडा में यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें वार्ता की प्रगति के बारे में फोन पर जानकारी दी गई। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'यूक्रेन अमेरिका के साथ ईमानदारी से काम जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वास्तविक शांति हासिल की जा सके।'
ट्रंप ने जेलेंस्की की आलोचना ऐसे वक्त में की है जब रविवार को रूस ने ट्रंप प्रशासन की नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति का स्वागत किया। इसी बीच, अधिकारियों ने बताया कि ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के नेता सोमवार को लंदन में जेलेंस्की के साथ बैठक करेंगे।
हमले जारी
रूस द्वारा रविवार रात को किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों में यूक्रेन में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से तीसरे दिन की वार्ता समाप्त हो गई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी चेर्निहिव क्षेत्र में शनिवार रात हुए ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई।
इस बीच, केंद्रीय शहर क्रेमेन्चुक में बुनियादी ढांचे पर मिसाइल और ड्रोन के संयुक्त हमले से बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। यह शहर यूक्रेन की प्रमुख तेल रिफाइनरियों और औद्योगिक केंद्रों में से एक है।
कीव और उसके पश्चिमी सहयोगियों का कहना है कि रूस लगातार चौथी बार सर्दियों में यूक्रेन की ऊर्जा प्रणाली को निशाना बनाकर नागरिकों को गर्मी, रोशनी और पानी से वंचित करने की कोशिश कर रहा है। यूक्रेनी अधिकारियों ने इसे 'ठंड को हथियार बनाना' बताया।
हमलों के बीच, राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने फ्लोरिडा में चल रही वार्ता में शामिल अमेरिकी अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा,'यूक्रेन अमेरिकी पक्ष के साथ ईमानदारी से काम जारी रखने और शांति बहाल के लिए दृढ़ संकल्पित है।'
यूक्रेन के मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निवर्तमान दूत कीथ केलॉग ने कहा कि वार्ता 'अंतिम चरण' में है और इसका समाधान भूभाग, मुख्य रूप से डोनबास, तथा जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र से जुड़े मुद्दों पर निर्भर करता है।

लेखक के बारे में
Nisarg Dixitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




