पुतिन के घर पर नहीं हुआ कोई हमला, डोनाल्ड ट्रंप ने झुठला दिया रूस का दावा; क्या बोले?

Jan 05, 2026 10:59 am ISTJagriti Kumari एपी
share Share
Follow Us on

रूस के विदेश मंत्री ने सबसे पहले यह दावा किया था कि यूक्रेन ने पुतिन के घर पर ड्रोन अटैक कर दिया है। इस दावे के बाद दुनिया भर में हमले की निंदा की गई। भारत ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चिंता जताई थी।

पुतिन के घर पर नहीं हुआ कोई हमला, डोनाल्ड ट्रंप ने झुठला दिया रूस का दावा; क्या बोले?

Russia Ukraine War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के उस दावे को झुठला दिया है जिसमें यह कहा गया था कि यूक्रेन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के घर पर अटैक कर उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की। डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा है कि उन्हें नहीं लगता है कि ऐसा कुछ हुआ था। वहीं इस सवाल पर कि ट्रंप ने तब इस कथित हमले को लेकर निराशा जताई थी, ट्रंप ने कहा कि उस वक्त किसी को नहीं पता था कि क्या हुआ है।

ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने यह निष्कर्ष निकाला है कि यूक्रेन ने पिछले हफ्ते ड्रोन हमले में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के घर को निशाना नहीं बनाया था। ट्रंप ने कहा कि पुतिन के घर के पास कुछ हुआ था लेकिन अमेरिकी अधिकारियों को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह पता चले कि रूसी राष्ट्रपति के घर को निशाना बनाया गया था। ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि वह हमला हुआ था। हमें नहीं लगता कि ऐसा हुआ, हमने इसकी जांच कर ली है।”

रूस ने लगाया था आरोप

गौरतलब है कि इससे पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पिछले सप्ताह एक बयानe कहा था कि यूक्रेन ने उत्तर पश्चिमी नोवगोरोड क्षेत्र में पुतिन के सरकारी आवास पर कई ड्रोनों से हमला किया है। उन्होंने कहा था कि रूसी रक्षा प्रणालियों ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। इस दौरान लावरोव ने दोनों देशों के बीच जारी युद्ध समाप्त कराने के लिए हो रही बातचीत के दौरान हमला करने के लिए कीव की तीखी आलोचना की थी।

ट्रंप ने क्या कहा था?

रूस के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कई देशों ने यूक्रेन की आलोचना करते हुए की चिंताएं जाहिर की थी। वहीं ट्रंप ने शुरुआत में रूस के आरोपों को सही माना था और इस पर चिंता व्यक्त की थी। बीते सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा था कि उनकी रूसी राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत हुई है और वह इस मामले को लेकर ‘बेहद नाराज’ हैं।

हालांकि बुधवार को ट्रंप रूस के दावे से असहमत नजर आए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ के एक संपादकीय का लिंक शेयर किया था, जिसमें रूसी आरोपों पर संदेह जताया गया था। संपादकीय में पुतिन पर तीखा हमला करते हुए ‘झूठ एवं नफरत’ फैलाने का आरोप लगाया गया था। वहीं इसमें यह भी कहा गया था कि यह दावा ऐसे समय में किया गया है, जब ट्रंप कह रहे हैं कि युद्ध समाप्त करने के लिए दोनों पक्ष किसी समझौते के बेहद करीब हैं।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।