अमेरिका ने वेनेजुएला पर किया हमला तो तुरंत हरकत में आया रूस, क्या कह डाला
अमेरिका द्वारावेनेजुएला पर किए गए हमले की रूस ने निंदा की है। इस हमले को चिंताजनक बताते हुए रूस ने कहा कि अमेरिका इसको जायज ठहराने के लिए चाहे कितने ही बहाने बना ले, लेकिन वह सही नहीं होंगे।
अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में वेनेजुएला पर किए गए हमले की रूस ने निंदा की है। इस घटनाक्रम पर रूस की तरफ से कहा गया कि वाशिंगटन की तरफ से किए गए इस हमले का कोई ठोस कारण नहीं था। इस हमले के पीछे बस ऐसा लग रहा है, जैसे कूटनीति पर वैचारिक शत्रुता हावी हो गई है।
रूसी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि लैटिन अमेरिका क्षेत्र की शांति के लिए यह हमला बेहद चिंताजनक है। जारी बयान के मुताबिक रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा, "आज सुबह, संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ सशस्त्र आक्रामकता दिखाई है। यह बेहद चिंताजनक और निंदनीय हरकत है। ऐसी कार्रवाई को जायज ठहराने के लिए अमेरिका कोई भी बहाना दे लेकिन वह सब निराधार हैं। यहां साफ है कि विचारों की असमानता ने यहां शत्रुता की जगह ले ली है।"
रूस ने कहा, "हम वेनेजुएला के लोगों के साथ अपनी एकजुटता की पुष्टि करते हैं। हाल की स्थिति में सबसे ज्यादा जरूरी यह है कि तनाव को बढ़ने से रोका जाए और बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की कोशिश की जाए। हमारा मानना है कि अगर कोई दो पक्षों के बीच शिकायतें हैं, तो उन्हें बातचीत और मध्यस्थों के जरिए सुलझाना चाहिए। रूस ऐसे किसी प्रयास में मदद करने के लिए तैयार है।"
रूस की तरफ से इस बात की भी पुष्टि की गई कि अभी तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि इन अमेरिकी हमलों में किसी रूसी नागरिक की जान गई है।
रूस की तमाम बातों के बीच वेनेजुएलाई राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का कोई जिक्र नहीं है। मादुरो को लेकर ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका सेना ने उन्हें पत्नी सहित अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, एक रिपब्लिकन सीनेटर ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो के हवाले से दावा किया कि अमेरिका में एक मुकदमा चलाने के लिए मादुरो को गिरफ्तार किया गया है।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




