यूक्रेन पर आधी रात को टूट पड़ी रूसी सेना, दनादन बरसाए 293 ड्रोन और 18 मिसाइलें
यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि वायुसेना, मोबाइल फायर ग्रुप्स और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर यूनिट्स ने मिलकर इस हमले को काफी हद तक विफल कर दिया। रूस ने हाल के दिनों में हाइपरसोनिक मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया है।
रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया है। यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रात भर में रूस ने कुल 293 ड्रोन और 18 मिसाइलें दागीं। यह हमला 12 जनवरी की शाम से शुरू होकर 13 जनवरी की सुबह तक चला। यूक्रेन के विभिन्न क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, जिसमें शाहेद प्रकार के ड्रोन और इस्कंदर-एम जैसी बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। रूसी हमलों में कई इलाकों में बिजली और अन्य प्रमुख ढांचे को नुकसान पहुंचा है, जिससे नागरिकों को कड़ाके की ठंड में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यह 2026 की शुरुआत में रूस का सबसे तीव्र हवाई हमलों में से एक माना जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेनी वायु रक्षा इकाइयों ने बहादुरी से जवाब दिया और कुल 293 ड्रोनों में से 240 व 18 मिसाइलों में से 7 को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। बाकी ड्रोन और मिसाइलों के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में क्षति हुई, हालांकि हताहतों की संख्या के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि वायुसेना, मोबाइल फायर ग्रुप्स और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर यूनिट्स ने मिलकर इस हमले को काफी हद तक विफल कर दिया। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब रूस ने हाल के दिनों में हाइपरसोनिक मिसाइलों जैसे ओरेश्निक का भी इस्तेमाल किया है, जिससे पश्चिमी देशों में चिंता बढ़ गई है।
रूस पर यूक्रेन में युद्ध को लंबा खींचने का आरोप
वहीं, अमेरिका ने रूस पर यूक्रेन में लगभग 4 साल से जारी युद्ध को ऐसे वक्त में लंबा खींचने का आरोप लगाया जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन शांति की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की उप राजदूत टैमी ब्रूस ने यह आरोप लगाया है। उन्होंने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में कहा कि अमेरिका इस संघर्ष में अनगिनत लोगों की मौत पर खेद व्यक्त करता है और ऊर्जा व अन्य बुनियादी ढांचे पर रूस के बढ़ते हमलों की निंदा करता है। गुरुवार रात रूस ने सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलों से हमले किए थे जिसके बाद यूक्रेन ने बैठक का अनुरोध किया था।

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




