रूस-यूक्रेन ने माना ट्रंप का फॉर्मूला, अब एक दूसरे के ऊर्जा ठिकानों पर नहीं करेंगे हमला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन और रूस ऊर्जा ठिकानों पर हमला न करने पर सहमत हो गए हैं। तेल रिफाइनरियों पर हमलों की वजह से अमेरिका में डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।

Donald Trump
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि यूक्रेन और रूस, दोनों ऊर्जा ठिकानों पर हमला न करने पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यूक्रेन रूसी ऊर्जा ठिकानों पर हमला नहीं करेगा। रूस भी ऐसा ही करने पर राजी हो गया है। उन्होंने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी ईरान युद्ध की वजह से नहीं, बल्कि इन हमलों की वजह से हुई है। हालांकि रूस और यूक्रेन ने अभी तक सार्वजनिक रूप से इस समझौते की पुष्टि नहीं की है।

इससे पहले रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से रूसी तेल रिफाइनरियों और डीजल के उत्पादन एवं वितरण में इस्तेमाल होने वाले अन्य बुनियादी ढांचों पर हमले रोकने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन हमलों से ईंधन की कमी पैदा हो रही है। ट्रंप ने यह बयान शुक्रवार को अमेरिका में डीजल की कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद दिया था, जब औसत कीमत छह डॉलर प्रति गैलन से अधिक हो गई थी।

दरअसल, यूक्रेन कई महीनों से लंबी दूरी के हमलों से रूस के तेल और गैस उद्योग को निशाना बना रहा है जिससे पूरे देश में ईंधन की कटौती करनी पड़ी और मॉस्को ने जुलाई में डीजल के निर्यात पर रोक लगा दी जिससे पहले से ही कमजोर वैश्विक बाजार से आपूर्ति कम हो गई। हालांकि, वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट की एक वजह ईरान में युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते तेल आपूर्ति में आई बाधा भी रही।

बता दें कि अमेरिका में नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों की तैयारी के बीच ईंधन की कमी अमेरिका में प्रमुख मुद्दा बन गया है। एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हालिया बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की है। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने जेलेंस्की से रूस पर हमले रोकने का आग्रह किया है। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था कि जेलेंस्की को एक काम करना होगा। उन्हें रूस में डीजल ईंधन के केंद्रों को नष्ट करना बंद करना होगा।

उन्होंने कहा था कि हमने जेलेंस्की से इस बारे में बात की है। हमले में अन्य चीजों को भी निशाना बनाया जा सकता है। डीजल ईंधन को निशाना मत बनाइए क्योंकि इससे नुकसान हो रहा है, इससे पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़रूस-यूक्रेन ने माना ट्रंप का फॉर्मूला, अब ऊर्जा ठिकानों पर नहीं करेंगे हमला