ट्रंप की कड़ी चेतावनी के बीच ईरान का सख्त ऐलान; दंगाइयों को बख्शा नहीं जाएगा

Jan 05, 2026 08:08 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

मिजान न्यूज एजेंसी के अनुसार, एजेई ने कहा कि मैं अटॉर्नी जनरल और देश भर के अभियोजकों को निर्देश देता हूं कि कानून के अनुसार दृढ़ता से दंगाइयों और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई करें... और कोई नरमी या छूट न दिखाएं।

ट्रंप की कड़ी चेतावनी के बीच ईरान का सख्त ऐलान; दंगाइयों को बख्शा नहीं जाएगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बीच ईरान की न्यायपालिका प्रमुख गुलामहुसैन मोहसेनी एजेई ने सोमवार को कहा कि वे 'दंगाइयों के प्रति कोई नरमी नहीं बरतेंगे', हालांकि उन्होंने जनता के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार को स्वीकार किया। न्यायपालिका की मिजान न्यूज एजेंसी के अनुसार, एजेई ने कहा कि मैं अटॉर्नी जनरल और देश भर के अभियोजकों को निर्देश देता हूं कि कानून के अनुसार दृढ़ता से दंगाइयों और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई करें... और कोई नरमी या छूट न दिखाएं। उन्होंने आगे कहा कि ईरान प्रदर्शनकारियों की बात सुनता है और उनकी आलोचनाओं पर ध्यान देता है, तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों और दंगाइयों के बीच फर्क करता है।

न्यायपालिका प्रमुख का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जारी सत्ता-विरोधी आंदोलन के दमन पर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा था कि इस पर अमेरिका की नजर है और अगर सुरक्षा बल शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर हिंसा करते हैं तो अमेरिका कड़ा जवाब देगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान में आर्थिक संकट के कारण विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। ये प्रदर्शन ईरान के 26 प्रांतों के कई शहरों में फैल चुके हैं और करीब 222 जगहों पर हड़तालें व प्रदर्शन जारी हैं। महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों और आम लोगों का गुस्सा बढ़ा है, जिसमें अब तक कम से कम 20 लोगों की मौत हो चुकी है।

ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी (एचआरएएनए) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले आठ दिनों में कम से कम 19 नागरिक और सुरक्षा बलों का एक सदस्य मारा गया है, जबकि कम से कम 51 लोग घायल हुए हैं। ज्यादातर घायल छर्रे और रबर बुलेट्स से प्रभावित हुए हैं। एजेंसी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने, पुलिस और बलों की तैनाती बढ़ाने तथा कई क्षेत्रों में लगातार टकराव के बावजूद प्रदर्शन थम नहीं रहे हैं।

ईरान के प्रदर्शनकारियों को निर्वासित 'क्राउन प्रिंस' रेजा पहलवी ने भी समर्थन दिया है। 65 वर्षीय पहलवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदर्शनकारियों का हौसला बढ़ाया है। ईरान से 46 साल से अमेरिका में रह रहे पहलवी सोशल मीडिया और वैश्विक मंचों के जरिए ईरान की राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने एक्स पर छात्रों से आंदोलन जारी रखने की अपील की और उनके साहस की सराहना की।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;