भारत के साथ ऐतिहासिक रिश्तों पर गर्व, मजबूत हो रहे संबंध; ईरान ने खुलकर की तारीफ
एक इंटरव्यू के दौरान ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने न सिर्फ अमेरिका को यह संदेश दिया है कि सुपरपावर कहे जाने वाले देश के आगे वह नहीं झुकेगा, बल्कि भारत के साथ रिश्तों की भी जमकर तारीफ की।

पश्चिम एशिया में बीते 2 महीने से जारी तनाव के बीच ईरान ने अब खुद को सुपरपावर बताया है। ईरान ने अमेरिकी वर्चस्व को चुनौती देते हुए कहा है कि ईरान खुद एक सुपरपावर है और ऐसे में अमेरिका की शर्तों के आगे झुकने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। हाल ही में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने एक इंटरव्यू में यह बातें कही हैं। इस दौरान बघाई ने भारत के साथ मजबूत होते रिश्तों की भी बात कही और कहा कि ईरान को भारत के साथ ऐतिहासिक संबंधों पर गर्व है।
द हिंदू को दिए गए इस इंटरव्यू ईरानी प्रवक्ता ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनातनी से लेकर युद्धविराम की संभावनाओं पर कई सवालों के जवाब दिए। यह पूछे जाने पर कि अमेरिका जैसी महाशक्ति के सामने ईरान खुद को कहां देखता है, ईरानी प्रवक्ता ने कहा, "जो देश अपनी संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए दो परमाणु संपन्न देशों के खिलाफ खड़ा रहा, यह खुद ही इस बात का सबूत है कि उसे सुपरपावर माना जाना चाहिए।” बघाई यहां अमेरिका और इजरायल का जिक्र कर रहे थे।
भारत के साथ रिश्तों पर गर्व
इस दौरान ईरानी प्रवक्ता ने ईरान को भारत को एक बेहद करीबी दोस्त बताया। बघाई ने कहा कि भारत और ईरान के संबंध वर्तमान में और मजबूत हो रहे हैं। वहीं यह पूछे जाने पर कि क्या ईरान होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय जहाजों पर कोई शुल्क लगाएगा, उन्होंने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा, "हम किसी भी देश से शुल्क नहीं लेते। हम केवल अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत अपनी सुरक्षा के लिए कदम उठा रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, “हम भारत के लोगों के बेहद करीब हैं। हमें भारत और ईरान के ऐतिहासिक रिश्तों पर गर्व है। दोनों ही देश गुटनिरपेक्ष आंदोलन का हिस्सा रहे हैं और दोनों देशों की सरकार संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
युद्धविराम पर क्या बोले?
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर बघाई ने कहा कि बातचीत जारी है, लेकिन इस पर सहमति को लेकर भरोसे की भारी कमी है। बता दें कि ईरान ने अमेरिका को एक 40-सूत्रीय शांति प्रस्ताव भेजा था, जिसके जवाब में अमेरिका ने अपना नया प्रस्ताव भेजा है। बघाई ने बताया, “हम फिलहाल अमेरिकी प्रस्ताव का अध्ययन कर रहे हैं। इसके बाद हम पाकिस्तानी मध्यस्थों को अपना जवाब सौंपेंगे।”
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


