मिले, मुस्कुराए और हाथ भी मिलाए; लेकिन... 16 महीने बाद मोदी-ट्रंप की मुलाकात में 'वो' बात नहीं

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Modi Trump Meeting: जी-7 शिखर सम्मेलन में 16 महीने बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली सार्वजनिक मुलाकात हो गई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया। यह भेंट वैश्विक स्तर पर काफी चर्चा का विषय बन गई है।

Modi

जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 16 महीने बाद पहली सार्वजनिक मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक दूसरे से गर्मजोशी से हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया। लेकिन वो बात नजर नहीं आई, जो 16 महीने पहले नजर आती थी, यानी गले मिलन नहीं हुआ। इसके बावजूद यह मुलाकात वैश्विक कूटनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गई है। शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी का विशेष स्वागत किया। मैक्रों ने मोदी को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और दोनों नेताओं के बीच कुछ देर अनौपचारिक बातचीत भी हुई। इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप आमने-सामने आए और हाथ मिलाते हुए एक-दूसरे का हालचाल जाना।

यह भेंट इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि पिछले 16 महीनों में दोनों नेताओं के बीच कोई प्रत्यक्ष सार्वजनिक मुलाकात नहीं हुई थी। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, रक्षा सहयोग और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर पहले से ही चर्चा चल रही है। हालांकि इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच विशेष बातचीत नहीं हुई, लेकिन चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस पहुंचे। भारत भागीदार देश के रूप में इस सम्मेलन में 13वीं बार शामिल हो रहा है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार जी7 शिखर में हिस्सा ले रहे हैं। फ्रांस रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संक्षिप्त ठहराव के दौरान स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन से मुलाकात की।

शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की व्यस्त कूटनीतिक कार्यक्रम है। वे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समेत कई विश्व नेताओं से द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। 17 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। वाइट हाउस ने पुष्टि की है कि इस बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर खास जोर दिया जाएगा।

बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा आयोजित इस जी-7 शिखर सम्मेलन में अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, इटली, जापान, कनाडा और फ्रांस के अलावा भारत समेत कई प्रमुख देशों के नेता शामिल हुए हैं। सम्मेलन का मुख्य एजेंडा वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, जलवायु परिवर्तन से निपटना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नियमन, मध्य पूर्व की स्थिति और यूक्रेन संकट जैसे अहम मुद्दों पर केंद्रित है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़मिले, मुस्कुराए और हाथ भी मिलाए; लेकिन... 16 महीने बाद मुलाकात में 'वो' बात नहीं