पश्चिम एशिया में संघर्ष और समुद्री मार्गों की सुरक्षा; PM मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से किन मुद्दों पर की बातचीत

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

बैठक में समुद्री मार्गों की सुरक्षा और व्यापार को लेकर भी भारत ने अपनी चिंता जाहिर की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर नौवहन की स्वतंत्रता और व्यापारिक गतिविधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

PM Modi discussed Iran President Masoud Pezeshkian West Asia conflict seafarers safety trade
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मिले पीएम मोदी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक ऐसे समय हुई, जब पश्चिम एशिया में संघर्ष और तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। बातचीत में भारत और ईरान के द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए भारत की पुरानी नीति दोहराई कि सभी विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता कायम करने के हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा।

बैठक में समुद्री मार्गों की सुरक्षा और व्यापार को लेकर भी भारत ने अपनी चिंता जाहिर की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर नौवहन की स्वतंत्रता और व्यापारिक गतिविधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संघर्ष के बीच आम नागरिकों, नागरिक बुनियादी ढांचे, व्यापारिक जहाजों और समुद्री यात्रियों यानी सीफेयरर्स को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर समुद्री परिवहन और व्यापारिक मार्गों पर पड़ रहा है। ऐसे में भारत के लिए जहाजों और उनमें काम करने वाले भारतीय समुद्री यात्रियों की सुरक्षा अहम मुद्दा बन गई है।

भारत-ईरान व्यापार को और मजबूत करने पर चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने भारत-ईरान व्यापार को और मजबूत करने पर भी चर्चा की। बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत आने वाले समय में ईरान के साथ अपने व्यापार का दायरा बढ़ाने और उसमें विविधता लाने की इच्छा रखता है। उन्होंने ईरान के साथ भारत की लंबे समय से चली आ रही मित्रता को विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट के बीच यह बातचीत भारत के लिए रणनीतिक और आर्थिक, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण है।

दोनों नेताओं की बातचीत में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ईरान के साथ ब्रिक्स और SCO जैसे बहुपक्षीय संगठनों में करीबी सहयोग जारी रखने के लिए तैयार है। उन्होंने राष्ट्रपति पेजेश्कियान को भारत में होने वाले आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में स्वागत करने की बात भी कही। इस बैठक के जरिए भारत ने एक तरफ ईरान के साथ अपने रणनीतिक और व्यापारिक संबंधों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षित समुद्री मार्गों और व्यापार की निरंतरता को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी साफ कीं।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़‘समुद्री मार्गों की सुरक्षा और…’; PM मोदी ने ईरान से किन मुद्दों पर की बातचीत