शाकिब अल हसन के घर पर फेंका पेट्रोल बम, शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुए थे शामिल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अज्ञात उपद्रवियों के एक समूह ने मागुरा स्थित उनके आवास को निशाना बनाया। उपद्रवियों ने पथराव किया, खिड़कियों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा घर में आग लगाने की मंशा से पेट्रोल बम फेंका।

बांग्लादेश इंटरनेशनल क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अवामी लीग के पूर्व सांसद शाकिब अल हसन का पुश्तैनी घर बुधवार रात हिंसा का शिकार हो गया। घटना बांग्लादेश के मागुरा शहर स्थित केशबमोर इलाके की है। उपद्रवियों ने रात करीब 8:45 बजे शाकिब के घर पर पेट्रोल बम फेंके और जमकर तोड़फोड़ की।

यह हमला उस वक्त हुआ जब महज कुछ घंटे पहले शाकिब अल हसन ने नई दिल्ली के 'फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया' (FCC) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत से वर्चुअली जुड़कर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यक्रम में शिरकत की थी।

घर में तोड़फोड़, आग लगाने की कोशिश

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, अज्ञात उपद्रवियों के एक समूह ने मागुरा स्थित उनके आवास को निशाना बनाया। उपद्रवियों ने पथराव किया, खिड़कियों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा घर में आग लगाने की मंशा से पेट्रोल बम फेंका। घटना के वक्त घर में कौन-कौन मौजूद था और कितना वित्तीय नुकसान हुआ है, स्थानीय पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस हमले से पूरे मागुरा शहर में तनाव फैल गया है।

नई दिल्ली प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या हुआ था?

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को सत्ता गंवाने के ठीक दो साल पूरे होने पर नई दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय मीडिया को संबोधित किया। इस वर्चुअल कॉन्फ्रेंस को "शेख हसीना की वतन वापसी" शीर्षक के तहत आयोजित किया गया था।

शेख हसीना ने दोहराया कि वे अपनी जान और आजादी का जोखिम उठाकर भी इस साल दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी।

हसीना ने कहा कि बांग्लादेश में लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता को बचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आगे आना चाहिए।

अवामी लीग के पूर्व सांसद और दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने श्रीलंका से ऑनलाइन जुड़कर इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और शेख हसीना का समर्थन किया। इसी भागीदारी के कुछ ही घंटों बाद बांग्लादेश में उनके आवास को निशाना बना लिया गया।

शेख हसीना के खिलाफ फैसला और प्रत्यर्पण का दबाव

5 अगस्त 2024 को जनआंदोलन के बाद ढाका छोड़कर भारत आईं 78 साल की शेख हसीना के खिलाफ बांग्लादेश की विशेष अदालत ने पिछले साल नवंबर में मौत की सजा सुनाई थी।

बांग्लादेश की वर्तमान सरकार भारत से लगातार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। हालांकि, नई दिल्ली ने स्पष्ट किया है कि एफसीसी में आयोजित यह प्रेस कॉन्फ्रेंस एक निजी मीडिया संस्था का कार्यक्रम था और भारत सरकार का इसमें कोई आधिकारिक हाथ नहीं है।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।