लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर पेपर स्प्रे से हमला, घटना के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप; एक गिरफ्तार
लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर रविवार सुबह मिर्च स्प्रे (पेपर स्प्रे) से कई लोगों पर हमला होने के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हमले के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर रविवार सुबह मिर्च स्प्रे (पेपर स्प्रे) से कई लोगों पर हमला होने के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हमले के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से यात्रियों को भारी असुविधा हुई तथा कई उड़ानें प्रभावित हुईं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह घटना आतंकवाद से जुड़ी नहीं है और घायलों की चोटें जानलेवा या स्थाई नहीं हैं।
स्काई न्यूज़ के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:11 बजे टर्मिनल-3 की बहुमंजिला कार पार्किंग में कुछ लोगों के एक समूह ने मिर्च स्प्रे का छिड़काव किया और फिर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। सशस्त्र पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया, जो अभी हिरासत में है। अन्य संदिग्धों की तलाश और पूछताछ जारी है।
हीथ्रो हवाई अड्डे ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर बताया कि टर्मिनल-3 की बहुमंजिला कार पार्किंग में आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी एक घटना पर हमारी टीमें काम कर रही हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे हवाई अड्डे आने के लिए अतिरिक्त समय रखें और किसी भी सवाल के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करें।
वहीं, मेट्रोपॉलिटन पुलिस के कमांडर पीटर स्टीवंस ने स्काई न्यूज़ को बताया कि प्रारंभिक जांच से लगता है कि यह घटना एक-दूसरे को जानने वाले लोगों के समूह के बीच हुई बहस का परिणाम थी, जो हाथापाई में बदल गई और इसमें मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल हुआ। कई लोग घायल हुए हैं, लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं है। हम इस घटना को आतंकवादी गतिविधि नहीं मान रहे।
दूसरी ओर पुलिस ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे दिन हीथ्रो पर अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। फिलहाल टर्मिनल-3 के आसपास के क्षेत्र में यातायात पर कुछ असर पड़ा है, लेकिन टर्मिनल पूरी तरह चालू है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




