किसी भी कीमत पर बचानी है जान, ईरान से सुरक्षित निकलने के लिए अमीर दे रहे लाखों यूरो

Mar 04, 2026 01:30 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, दुबई
share Share
Follow Us on

आम लोग उड़ानों के दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं कुछ संपन्न यात्री भारी रकम चुकाकर उन सुरक्षित हवाई अड्डों के जरिए यूरोप के लिए उड़ानों से निकल रहे हैं, जहां ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों का खतरा नहीं है।

किसी भी कीमत पर बचानी है जान, ईरान से सुरक्षित निकलने के लिए अमीर दे रहे लाखों यूरो

खाड़ी क्षेत्र तक फैल चुके ईरान युद्ध ने हवाई सफर को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है, जिससे हजारों यात्री अलग-अलग हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं। आम लोग उड़ानों के दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं कुछ संपन्न यात्री भारी रकम चुकाकर उन सुरक्षित हवाई अड्डों के जरिए यूरोप के लिए उड़ानों से निकल रहे हैं, जहां ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों का खतरा नहीं है। पिछले सप्ताहांत जंग छिड़ने के उपरांत दुबई, अबू धाबी और दोहा के प्रमुख हवाई अड्डे बंद कर दिए गए, जिसके बाद चार्टर विमानों की मांग अचानक आसमान छूने लगी। कुछ लोग सुरक्षित निकलने के लिए दो लाख यूरो (करीब 2.32 लाख अमेरिकी डॉलर) तक चुकाने को तैयार हैं।

कॉमर्शियल फ्लाइट का विकल्प
आम तौर पर सुरक्षित और शानदार ठिकाने के रूप में पहचाने जाने वाले दुबई से अब लोग जल्द से जल्द निकलना चाहते हैं। कई यात्री सड़क मार्ग से करीब चार घंटे की दूरी तय करके मस्कट (ओमान) या फिर 10 घंटे से अधिक दूरी पर स्थित सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंच रहे हैं। वहां पहुंचकर वे उपलब्ध गिनी-चुनी वाणिज्यिक उड़ानों में जगह तलाश रहे हैं या फिर चार्टर विमान का सहारा ले रहे हैं। हालांकि युद्ध शुरू होने के बाद इनकी कीमतें काफी बढ़ चुकी हैं। फ्रांस की निजी विमानन कंपनी ‘जेट-वीआईपी’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अल्ताय कुला ने कहाकि मांग इतनी अधिक है कि हम चाहकर भी जरूरत के मुताबिक विमान उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।

इतनी बढ़ गई कीमत
कुला ने बताया कि सामान्य दिनों में रियाद से पुर्तगाल के पोर्टो तक 16 यात्रियों की क्षमता वाले निजी जेट के चार्टर की कीमत लगभग एक लाख यूरो (करीब 1,15,800 अमेरिकी डॉलर) होती है, लेकिन इन दिनों यह कीमत दोगुनी हो चुकी है। उन्होंने कहाकि कीमतों में यह बढ़ोतरी विमानों की कमी, परिचालन लागत और ऑपरेटर के जोखिम आकलन को दर्शाती है। यह कोई मनमानी कीमत नहीं है।‘विमाना प्राइवेट जेट्स’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमीर नाराण ने कहा कि किराया प्रस्थान स्थल, विमान के प्रकार और मार्ग की पाबंदियों के अनुसार बदल सकता है। उन्होंने बताया कि खाड़ी क्षेत्र से यूरोप तक की उड़ानों के लिए इन दिनों कीमतें 1.5 लाख यूरो (करीब 1,73,800 अमेरिकी डॉलर) से लेकर दो लाख यूरो तक पहुंच चुकी हैं।

सुरक्षा कंपनियों की भी सेवा
रियाद और मस्कट जैसे चालू हवाई अड्डों तक पहुंचने के लिए कुछ यात्री निजी सुरक्षा कंपनियों की सेवाएं ले रहे हैं, जो साधारण कारों से लेकर बड़े कोच बसों तक में उनके परिवहन का इंतजाम करती हैं। ब्रिटेन की जोखिम प्रबंधन एवं सुरक्षा कंपनी 'अल्मा रिस्क' के परिचालन एवं योजना निदेशक इयान मैककॉल ने कहा कि भारी यातायात के कारण ओमान की सीमा चौकियों पर प्रतीक्षा समय चार घंटे तक पहुंच सकता है, जबकि इस पूरी व्यवस्था की लागत हजारों डॉलर तक जा रही है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।