
बलूचों के मारे पाकिस्तान की हालत खराब, एक सप्ताह बाद चली जाफर एक्सप्रेस पर फिर हमला
संक्षेप: जाफर एक्सप्रेस को एक सप्ताह पहले ही पुनः चलाया गया था। बलूच विद्रोहियों ने ट्रेन के ट्रैक पर बम लगा दिया था। हालांकि बम धमाका ट्रेन गुजरने के बाद हुआ। ऐसे में ट्रेन बाल-बाल बच गई।
बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तान सरकार की नाक में दम कर रखा है। बलूच अकसर बलूचिस्तान से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को निशाना बनाते हैं। बलूच विद्रोहियों ने नसीराबाद जिले में जाफर एक्सप्रेस पर एक बार फिर बड़ा हमला करने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक ट्रेन के ट्रैक पर ही विस्फोटक लगा दिया गया था। हालांकि धमाका ट्रेन गुजरने के बाद हुआ। पाकिस्तान के अधिकारियों के मुताबिक शहीद अब्दुल बुल्लो इलाके में रेलवे ट्रैक पर बम लगाया गया था। यह ट्रेन क्वेटा से पेशावर जा रही थी। हमले में कोई भी यात्री या कर्मचारी घायल नहीं हुआ है।

पाकिस्तान रेलवे ने बलूचिस्तान में सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर क्वेटा और पेशावर के बीच जाफर एक्सप्रेस की सेवाओं को रविवार से चार दिनों के लिए निलंबित कर दिया था। कुछ महीने पहले इस ट्रेन पर हुए हमले में 26 लोग मारे गए थे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 9 से 12 नवंबर तक इस रेलगाड़ी की सेवा निलंबत करने का अस्थायी फैसला सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की सलाह पर एहतियातन लिया गया था ताकि यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, नागरिकों और महत्वपूर्ण रेल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हाल के महीनों में जाफर एक्सप्रेस को विद्रोहियों और उग्रवादियों द्वारा बार-बार निशाना बनाया गया है।मार्च में, प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने 380 यात्रियों से भरी जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया था। यह गतिरोध दो दिनों तक बना रहा और सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 26 यात्रियों की जान चली गई थी और 33 अन्य विद्रोही मारे गए थे। अक्टूबर महीने में ट्रैक पर धमाका होने की वजह से ट्रेन पटरी पर से उतर गई थी और बड़ी संख्या में यात्री घायल हो गए थे।

लेखक के बारे में
Ankit Ojhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




