
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 22 TTP आतंकियों को किया ढेर; पेशावर हमले के बाद ऐक्शन
उत्तरी वजीरिस्तान की सीमा से सटे बन्नू जिले में आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया। इस दौरान सैनिकों ने ख्वारिज इलाके पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया और भयंकर मुठभेड़ के बाद 22 टीटीपी आतंकवादी मारे गए
पाकिस्तान और तालिबान के बीच सीमा पर तनाव बना हुआ है। इसी बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। खुफिया सूचना के आधार पर किए गए इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 22 आतंकियों को मार गिराया। यह जानकारी मंगलवार को सैन्य मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने दी।

आईएसपीआर के बयान के अनुसार, उत्तरी वजीरिस्तान की सीमा से सटे बन्नू जिले में आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने पर सोमवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान सैनिकों ने ख्वारिज इलाके पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया और भयंकर मुठभेड़ के बाद 22 टीटीपी आतंकवादी मारे गए। क्षेत्र में बचे हुए किसी भी आतंकी को खत्म करने के लिए तलाशी और सफाए का अभियान जारी है।
आईएसपीआर ने कहा कि देश से आतंकवाद के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा आतंकवाद-विरोधी अभियान पूरी ताकत और तेजी से जारी रहेंगे।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस सफल ऑपरेशन के लिए सुरक्षा बलों की प्रशंसा की और कहा कि वे आतंकवाद के खिलाफ बड़ी-बड़ी सफलताएं हासिल कर रहे हैं। शरीफ ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में पूरा देश पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हम हर प्रकार के आतंकवाद को देश से पूरी तरह समाप्त करने के लिए कटिबद्ध हैं।
बता दें कि 2022 के नवंबर में टीटीपी द्वारा सरकार के साथ संघर्ष-विराम खत्म करने के बाद से पाकिस्तान में, खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकी गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसी कड़ी में ताजा घटना सोमवार सुबह पेशावर में फेडरल कांस्टेबुलरी (एफसी) मुख्यालय पर हुआ आत्मघाती हमला है, जिसमें एफसी के तीन जवान शहीद हो गए और 12 घायल हो गए।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




