मक्का डिफेंस पैक्ट पर पलटा पाकिस्तान, हूतियों के खिलाफ कार्रवाई से साफ इनकार
पाकिस्तान ने गुरुवार को साफ किया कि सऊदी अरब और तुर्की के साथ हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के तहत यमन के हूती विद्रोहियों के खिलाफ फिलहाल कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की जाएगी।
सऊदी और हूतियों के तनाव के बीच पाकिस्तान ने साफ कर दिया है, वह ईरान समर्थित हूतियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगा। पाकिस्तान के अनुसार, सऊदी अरब और तुर्की के साथ हस्ताक्षरित मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के तहत यमन के हूती विद्रोहियों के खिलाफ फिलहाल कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की जाएगी। विदेश कार्यालय का कहना है कि यह समझौता व्यापक रक्षा सहयोग का ढांचा है, न कि किसी तत्काल अभियान का आदेश। विदेश कार्यालय प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि मक्का समझौते के तहत हूतियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर इस समय कोई चर्चा नहीं चल रही है। उन्होंने बताया कि इस्लामाबाद सऊदी अरब के साथ रक्षा और सुरक्षा मामलों में समन्वय बनाए हुए है, लेकिन समझौते का क्रियान्वयन समय लेगा और उसके विभिन्न आयाम धीरे-धीरे सामने आएंगे।
मक्का डिफेंस पैक्ट रक्षात्मक सैन्य समझौता
हालांकि प्रवक्ता ने आगे यह भी कहा कि अगर परिस्थितियां इसकी मांग करें तो पाकिस्तान समझौते के तहत कदम उठा सकता है। उन्होंने दोहराया कि यह मक्का डिफेंस पैक्ट रक्षात्मक प्रकृति का है। तीनों देशों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला सभी पर हमला माना जाएगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सऊदी अरब से जुड़े हर सुरक्षा संकट में पाकिस्तान सैन्य हस्तक्षेप करेगा। पाकिस्तान का कहना है कि सऊदी अरब में उसकी सेना पहले से प्रशिक्षण और रसद सहायता के लिए तैनात है। यह उपस्थिति पुराने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग का हिस्सा है। नए समझौते को एक व्यापक ढांचे के रूप में देखा जा रहा है, जिसके तहत अतिरिक्त रक्षा तंत्र विकसित हो सकते हैं। तीनों देशों ने रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति के जरिए समझौते को संस्थागत रूप देना शुरू कर दिया है।
हूती हमलों के बीच आया पाकिस्तान का बयान
बता दें कि पाकिस्तान की ओर से यह बयान पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और सऊदी अरब पर हालिया हूती हमलों के बीच आया है। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, यमन से सऊदी अरब के दक्षिणी इलाकों की ऊर्जा सुविधाओं पर हमला हुआ। कई जगह आग लगी और कामकाज कुछ समय के लिए ठप रहा। अधिकारियों के मुताबिक, मिसाइल और ड्रोन हमलों में कम से कम 73 लोग घायल हुए।जुलाई में हूती-नियंत्रित सना हवाईअड्डे पर हमले के बाद तनाव बढ़ा था। हूतियों ने इस हमले के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया और आभा हवाईअड्डे समेत सऊदी ठिकानों पर जवाबी हमले की घोषणा की। इसके बाद सऊदी अरब ने हूती-नियंत्रित इलाकों पर हमले फिर शुरू कर दिए।
गौरतलब है कि इस्लामाबाद पहले ही ईरान से आग्रह कर चुका है कि वह हूतियों पर अपना प्रभाव इस्तेमाल करे और सऊदी अरब पर और हमले रोके। पाकिस्तान ने यह भी कहा है कि मक्का समझौता एक रक्षात्मक गठबंधन है और फिलहाल इसे विस्तार देने या किसी अन्य देश को शामिल करने की कोई योजना नहीं है।

