डील होने ही वाली थी कि..., ईरान ने बताया कहां फेल हुई पाकिस्तान में अमेरिका से बात

Apr 13, 2026 05:24 am ISTNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने रविवार को बताया कि लंबी वार्ता के बाद भी किसी समझौते पर पहुंचने में विफल रहे। वेंस ने कहा कि 21 घंटे से अधिक समय की कोशिशों के बावजूद दोनों पक्ष मतभेदों की खाई पाट नहीं सके।

डील होने ही वाली थी कि..., ईरान ने बताया कहां फेल हुई पाकिस्तान में अमेरिका से बात

ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में हुई वार्ता फेल हो गई थी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची का दावा है कि डील बस होने ही वाली थी, लेकिन अमेरिका के रुख के कारण नहीं हो सकी। जबकि, अमेरिका का कहना है कि सबसे अहम परमाणु का मुद्दा था, जिसपर सहमति नहीं बन सकी। साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी के आदेश दे दिए हैं। इधर, पाकिस्तान वार्ता आगे भी जारी रखने की बात कह रहा है।

पाकिस्तान में क्या हुआ

ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने किया, जबकि अमेरिकी टीम की अगुवाई उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने की। पीटीआई भाषा के सूत्रों के अनुसार, इसके बाद वार्ता सीधे बातचीत के चरण में पहुंची, जो पाकिस्तानी अधिकारियों की मौजूदगी में करीब ढाई घंटे तक चली। अगले चरण में एक घंटे का विराम लिया गया और दोनों पक्षों की मांगों के तकनीकी पहलुओं पर विशेषज्ञ स्तर पर चर्चा की गई।

क्यों नहीं बनी बात

अराघची ने बातचीत को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने कहा, '47 सालों में सबसे ऊंचे स्तर पर हुई गंभीर बातचीत में, ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका के साथ पूरी ईमानदारी से काम किया। लेकिन जब हम 'इस्लामाबाद समझौते' के बिल्कुल करीब थे, तब हमारे सामने बड़ी-बड़ी मांगें रखी गईं, शर्तें बदली गईं और रास्ते रोके गए। कोई सबक नहीं सीखा गया।'

उन्होंने लिखा, 'अच्छाई के बदले अच्छाई मिलती है और दुश्मनी के बदले दुश्मनी।'

अमेरिका का पक्ष

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने रविवार को बताया कि लंबी वार्ता के बाद भी किसी समझौते पर पहुंचने में विफल रहे। वेंस ने कहा कि 21 घंटे से अधिक समय की कोशिशों के बावजूद दोनों पक्ष मतभेदों की खाई पाट नहीं सके। उन्होंने कहा, 'हम 21 घंटे से इस पर काम कर रहे हैं और अच्छी खबर यह है कि हमारे बीच कई सार्थक चर्चाएं हुई हैं।' उन्होंने कहा, 'बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके।'

उन्होंने कहा, 'हमने अपनी सीमाएं स्पष्ट कर दी हैं कि हम किन बातों पर समझौता करने को तैयार हैं और किन पर नहीं।' उन्होंने कहा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने 'हमारी शर्तों को स्वीकार न करने का विकल्प चुना है।'

ट्रंप ने कहा, 'तो, बात यह है कि बैठक अच्छी रही, ज्यादातर बिंदुओं पर सहमति बन गई, लेकिन एकमात्र मुद्दा जो वास्तव में मायने रखता था, यानी परमाणु, उस पर सहमति नहीं बन पाई।'

अब आगे क्या

ट्रंप ने परमाणु हथियारों के मुद्दे पर तेहरान के साथ शांति वार्ता विफल होने के कुछ घंटों बाद घोषणा की कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज मार्ग में जहाजों के प्रवेश या निकास को रोकने के लिए नाकेबंदी शुरू करेगी। ट्रंप ने 'ट्रूथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अमेरिकी नौसेना को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में उन सभी जहाजों की पहचान करने और उन्हें रोकने का निर्देश दिया है जिन्होंने ईरान को टोल का भुगतान किया है।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।