सऊदी अरब ने रोक दी पाकिस्तान की बड़ी डील, अफ्रीकी देश को बेचने वाला था 1.5 अरब डॉलर के हथियार
रिपोर्ट के मुताबिक इस डील को सऊदी अरब की मध्यस्थता से ही तैयार किया गया था और यह अंतिम चरण में थी। हालांकि तब फंडिंग की जानकारी सामने नहीं आई थी। अब सऊदी अरब ने पाक को पीछे हटने को कहा है।

दूसरों के फंड और आदेशों पर अपने देश को चलाने वाले पाकिस्तान का एक बड़ा हथियार समझौता सऊदी अरब के इशारे पर रुक गया है। हाल ही में सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी अरब के दबाव में आकर पाकिस्तान ने सूडान को हथियार और लड़ाकू विमान बेचने की करीब 1.5 अरब डॉलर की डील फिलहाल रोक दी है। दरअसल इसका कनेक्शन सऊदी अरब और UAE के बीच बढ़ती तनातनी से है।
रॉयटर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि सऊदी ने पाकिस्तान से ना सिर्फ इस समझौते को खत्म करने को कहा, बल्कि इसके लिए सूडान को वित्तीय मदद देने से भी इनकार कर दिया। पाकिस्तान के कुछ सुरक्षा और कूटनीतिक सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि की है। रिपोर्ट के मुताबिक यह डील पहले अंतिम चरण में थी और इसे सऊदी अरब की मध्यस्थता से ही तैयार किया गया था। हालांकि जब डील होने की खबर सामने आई थी तब फंडिंग की जानकारी सामने नहीं आई थी।
सऊदी ने बदली रणनीति
सूत्रों के अनुसार, बीते मार्च में रियाद में सूडान की सेना और सऊदी अधिकारियों के बीच हुई एक बैठक के बाद सऊदी अरब ने इस डील के लिए फंडिंग रोकी है। इसके अलावा, लीबिया की नेशनल आर्मी के साथ प्रस्तावित 4 अरब डॉलर की एक और डील भी अब खतरे में है, क्योंकि सऊदी अरब अपनी रणनीति पर दोबारा विचार कर रहा है।
एक सुरक्षा सूत्र के मुताबिक, “सऊदी अरब ने साफ संकेत दिया कि पाकिस्तान को यह डील खत्म कर देनी चाहिए, क्योंकि उसने इसकी फंडिंग से हाथ खींच लिया है।” रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ पश्चिमी देशों ने सऊदी अरब को अफ्रीका में चल रहे संघर्षों से दूर रहने की सलाह दी है।
UAE के साथ चल रही तनातनी
बता दें कि सूडान में पिछले करीब तीन साल से सेना और अर्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेस’ के बीच संघर्ष चल रहा है, जिससे क्षेत्र में बड़ा मानवीय संकट पैदा हो गया है। सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात सूडान में अलग-अलग पक्षों का समर्थन करते हैं। जहां सऊदी अरब सूडान की सेना के साथ है, वहीं यूएई पर रैपिड सपोर्ट फोर्सेस को मदद देने के आरोप लगते रहे हैं, हालांकि वह इन आरोपों से इनकार करता है।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


