ईरान-अमेरिका में सुलह कराने को पाकिस्तान ने फिर भरा दम, ट्रंप-वेंस की मंशा क्या

Apr 14, 2026 09:33 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, इस्लामाबाद
share

पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत में मध्यस्थता की तैयारी कर रहा है। एक पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। हालांकि इस अधिकारी ने अपनी पहचान नहीं जाहिर की है।

ईरान-अमेरिका में सुलह कराने को पाकिस्तान ने फिर भरा दम, ट्रंप-वेंस की मंशा क्या

पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत में मध्यस्थता की तैयारी कर रहा है। एक पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। हालांकि इस अधिकारी ने अपनी पहचान नहीं जाहिर की है। उसका कहना है कि उसे इस मामले को मीडिया में डिस्कस करने का अधिकार नहीं है। इससे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहाकि ईरान के साथ समझौता कुछ आगे बढ़ा है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि हमें दूसरे पक्ष से बुलावा आया है। वह लोग डील करना चाहते हैं।

क्या बोले पाकिस्तानी रक्षा मंत्री
बता दें कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोमवार को कहा है कि ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर जल्द होने की उम्मीद है। शनिवार को अमेरिका और ईरान के बीच हुई 21 घंटे की वार्ता 1979 के बाद अपनी तरह की पहली वार्ता थी, जिसमें दोनों पक्षों के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया था। हालांकि, सप्ताहांत में पाकिस्तान में हुई इस वार्ता में दोनों पक्ष कोई स्थायी शांति समझौता करने में विफल रहे। आसिफ ने सोमवार को संसद भवन के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि वार्ता के बाद इस बात का थोड़ा संतोष है कि अब तक कोई नकारात्मक घटनाक्रम नहीं हुआ है।

चीन-पाकिस्तान की बात
उन्होंने कहा कि केवल सकारात्मक प्रगति ही दिखी है जिससे संकेत मिलता है कि राजनयिक प्रयास रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस बीच चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष इशाक डार के साथ एक बातचीत में कहाकि पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष को फिर से भड़कने से रोकने और युद्धविराम को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, डार ने वांग से टेलीफोन पर बातचीत की और हाल ही में संपन्न हुई इस्लामाबाद वार्ता पर विचार-विमर्श किया।

युद्धविराम बनाए रखना प्राथमिकता
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार वांग ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष को फिर से भड़कने से रोकने और युद्धविराम को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। वांग चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य भी हैं। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि वांग ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में पाकिस्तान के प्रयासों पर डार को बधाई दी और पाकिस्तान की रचनात्मक कूटनीतिक भूमिका के लिए चीन के निरंतर समर्थन की पुष्टि की।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।