पाकिस्तान में लगी इमरजेंसी; खैबर पख्तूनख्वा की सरकार निलंबित, पूर्व CM नज़रबंद; बुला ली गई सेना

लाइव हिन्दुस्तान
share

पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 232 और 234 के तहत इमरजेंसी लागू की गई है। ये प्रावधान सुरक्षा संबंधी खतरों या शासन व्यवस्था के ठप होने जैसी स्थितियों में सरकार को प्रांतीय मामलों में हस्तक्षेप करने की इजाजत देते हैं।

Pakistan President impose emergency rule in Khyber Pakhtunkhwa
खैबर पख्तूनख्वा की सरकार को निलंबित कर दिया गया है

पाकिस्तान में इन दिनों एक बार फिर जबरदस्त बवाल हो रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर लोगों का गुस्सा भड़कने के बाद अब पाकिस्तानी हुकूमत ने खैबर पख्तूनख्वा में इमरजेंसी लागू करने का ऐलान कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने रविवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सरकार की सलाह पर खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लगाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की राज्य सरकार को निलंबित कर दिया है। प्रांत में सेना बुला ली गई है और पूर्व नेताओं को धड़ल्ले से हिरासत में लिया जा रहा है। यहां तक कि प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पीटीआई ने खान की रिहाई का दबाव बनाने के लिए बीते कई दिनों से रैली का आयोजन किया और आने वाले दिनों में राजधानी इस्लामाबाद की ओर मार्च करने की चेतावनी दी है। पार्टी प्रवक्ता जुल्फिकार बुखारी ने कहा, "यह आपातकाल के भेष में तख्तापलट से बढ़कर कुछ नहीं है।" उन्होंने चेतावनी दी कि इस कदम से देश में और अधिक खून-खराबा और अस्थिरता फैलेगी।

इमरान खान की तीन बहनें भी हिरासत में

प्रस्तावित मार्च से पहले अधिकारियों ने इमरान खान की तीन बहनों और पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। उनके करीबी सहयोगी ने बताया कि पीटीआई के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए शिपिंग कंटेनरों से प्रमुख राजमार्गों को ब्लॉक कर दिया गया है और हजारों की संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

बता दें कि यहां शहबाज शरीफ की सरकार और सेना राज्य की बागडोर संभाल रही पीटीआई की सरकार पर आतंकवादियों पर लगाम लगाने में विफल रहने का आरोप लगा रही है। हालांकि पीटीआई ने इन आरोपों को खारिज करते हुए साफ कहा है कि केंद्र सरकार राज्य को फंड ही नहीं देती। पीटीआई ने आरोप लगाया है कि इस्लामाबाद प्रांत के लोगों के निर्वाचित जनादेश को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

बुलाई गई सेना

इस बीच पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने अफगानिस्तान की सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सेना की तैनाती का आदेश दिया है। इस इलाके में पाकिस्तानी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के साथ पाकिस्तानी सेना लगातार संघर्ष में उलझी हुई है। वहीं पीटीआई का कहना है कि चुने हुए प्रतिनिधियों को किनारे करके केंद्र सरकार सुरक्षा व्यवस्था बहाल नहीं कर सकती। पार्टी नेताओं ने इस आरोप भी लगाया है कि इस्लामाबाद आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का इस्तेमाल उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर करने के लिए कर रहा है। जुल्फिकार बुखारी ने इस इमरजेंसी को आपातकाल की आड़ में तख्तापलट की साजिश बताया।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़पाकिस्तान में लगी इमरजेंसी; खैबर पख्तूनख्वा की सरकार निलंबित, बुला ली गई सेना