पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने खामेनेई की निधन पर जताया दुख, बोले-सदियों पुरानी परंपरा…
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की निधन पर दुख व्यक्ति किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के राष्ट्राध्यक्ष को ऐसे नहीं मारा जाना चाहिए, यह सदियों पुरानी परंपरा है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिकी और इजरायली हमलों में मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर के निधन पर दुख व्यक्त किया है। इतना ही नहीं पाकिस्तान ने अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों की निंदा करते हुए कहा यह एक पुरानी परंपरा है कि किसी भी देश के राष्ट्राध्यक्ष को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरान की जनता के दुख और शोक की इस घड़ी में पाकिस्तान की जनता उनके साथ खड़ी हुई है। सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई की शहादत पर पाकिस्तान की तरफ से हम हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, "पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय कानून के मानकों के उल्लंघन पर भी चिंता व्यक्त करता है। यह एक पुरानी परंपरा रही है कि किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।” इससे पहले, उन्होंने आने वाले दिनों में रूस की अपनी यात्रा रद्द कर दी, जिसका कारण “क्षेत्रीय और आंतरिक स्थिति” बताया गया। रूसी मीडिया के अनुसार, शरीफ 3 से 5 मार्च के बीच रूस जाने वाले थे।
गौरतलब है कि इसके पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने मिडिल-ईस्ट के देशों पर ईरान द्वारा किए गए हमले की निंदा की थी। पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच में सुरक्षा समझौता है। ऐसे में जब रियाद पर ईरानी मिसाइलों का हमला शुरू हुआ तो पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने क्राउन प्रिंस से भी बात की और अपनी चिंता जाहिर की।
आपको बता दें, ईरान में खामेनेई की मौत के बाद पूरे पाकिस्तान में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कराची, लाहौर के यूएस काउंस्लेट पर हमला बोल दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षाबलों ने हमला बोल दिया, जिसमें लगभग 10 लोगों की मौत हो गई है। पाकिस्तान में कई जगह पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी चल रहे हैं।
इससे पहले, इजरायल की तरफ से किए गए हमलों में ईरानी सुप्रीम लीडर की मौत ने मिडल-ईस्ट के हालात को और भी ज्यादा बिगाड़ दिया है। ईरान की तरफ से लगातार अमेरिकी ठिकानों पर हमला बोला जा रहा है। कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, बहरीन जैसे देशों पर लगातार ईरानी हमले हो रहे हैं। इजरायल पर मुख्य रूप से सबसे ज्यादा मिसाइलों के साथ लगातार हमला किया जा रहा है। ईरान की तरफ से कहा गया है कि सुप्रीम लीडर की मौत की अमेरिका को बड़ी कीमत चुकानी होगी। इसके जवाब में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान हमला करता है, तो उसके ऊपर ऐसी ताकत से हमला होगा, जो किसी ने नहीं देखी होगी।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



