
पाकिस्तान का खौफनाक राज खुला, शहबाज शरीफ का 'खास' हाफिज सईद के अड्डे पर पहुंचा
पाकिस्तान के एक मंत्री ने गुरुवार को पंजाब प्रांत में 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से जुड़े प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा के राजनीतिक मोर्चे, पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग के कार्यालय का दौरा किया और वहां के नेताओं से मुलाकात की।
पाकिस्तान के एक मंत्री ने गुरुवार को पंजाब प्रांत में 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से जुड़े प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा के राजनीतिक मोर्चे, पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के कार्यालय का दौरा किया और वहां के नेताओं से मुलाकात की। राज्य मंत्री सीनेटर तलाल चौधरी लाहौर से करीब 130 किलोमीटर दूर फैसलाबाद में स्थित पीएमएमएल हाउस पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस यात्रा को शहबाज शरीफ सरकार द्वारा सईद के राजनीतिक संगठन को 'सरकारी संरक्षण' प्रदान करने के रूप में देखा जा रहा है। 2008 के मुंबई हमलों के सूत्रधार हाफिज सईद कई आतंकी फंडिंग के मामलों में दोषी साबित होने के बाद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद हैं।

पीएमएमएल के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, चौधरी ने अपनी इस यात्रा के दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ विस्तृत बातचीत की। कथित रूप से यह संवाद वर्तमान राजनीतिक हालात और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्रित रहा, जिसमें दोनों पक्षों ने पाकिस्तान में एकजुटता, राजनीतिक स्थिरता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निरंतरता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया। बयान में उल्लेख किया गया है कि चर्चा में शामिल लोगों ने इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि सभी राजनीतिक संस्थाओं को मौजूदा माहौल में सद्भाव को प्रोत्साहित करने और लोकतांत्रिक ढांचे को सशक्त बनाने के लिए सहयोगी एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
दरअसल, हाल के वर्षों में किसी केंद्रीय मंत्री द्वारा पीएमएमएल के मुख्यालय का यह पहला दौरा है। इससे पूर्व पंजाब विधानसभा स्पीकर मलिक अहमद खान ने कसूर जिले में आयोजित पीएमएमएल की एक रैली में शिरकत की थी, जहां उन्होंने सईद की तारीफ की थी। मई में पहलगाम आतंकी घटना के बाद पाकिस्तान-भारत संबंधों में बढ़े तनाव के बीच पीएमएमएल सरकारी संरक्षण प्राप्त कर तेजी से सक्रिय हो गया है।
एजेंसी इनपुट के साथ

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




