अब पाकिस्तान की नेशनल तेल रिफाइनरी पर बड़ा हमला, अज्ञात लोगों ने चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में नेशनल रिफाइनरी लिमिटेड की साइट पर अज्ञात बंदूकधारियों ने बड़ा हमला किया है। इलाके को सील कर सुरक्षाबलों का क्लीयरेंस ऑपरेशन जारी है। हमले से जुड़ी पूरी जानकारी और अपडेट्स यहां पढ़ें।

पाकिस्तान की प्रमुख तेल कंपनी 'नेशनल रिफाइनरी लिमिटेड' ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि उनके दारिगवान प्लांट पर अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा हमला किया गया है। यह घटना पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित दारिगवान साइट पर घटी।
कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हमले के तुरंत बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरी साइट और उसके आस-पास के इलाके को अपने घेरे में ले लिया है।
तलाशी अभियान जारी
इलाके को सुरक्षित करने के बाद, सुरक्षाबलों द्वारा वहां व्यापक स्तर पर 'क्लीयरेंस ऑपरेशन' चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि साइट के भीतर या आस-पास कोई भी हमलावर छिपा न हो और किसी भी प्रकार के विस्फोटक या खतरे को पूरी तरह से नष्ट किया जा सके। खबर लिखे जाने तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। साथ ही, अभी तक किसी भी विद्रोही या आतंकी समूह ने आधिकारिक तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
क्या है नेशनल रिफाइनरी लिमिटेड?
नेशनल रिफाइनरी लिमिटेड पाकिस्तान की प्रमुख तेल रिफाइनरी कंपनियों में से एक है। यह कच्चे तेल को प्रोसेस करके पेट्रोल, डीजल और अन्य ईंधन उत्पाद बनाती है। दारिगवान साइट कंपनी की महत्वपूर्ण सुविधाओं में से एक है, जहां तेल संबंधी कामकाज होता है।
बलूचिस्तान में खूब होते हैं हमले
बलूचिस्तान पाकिस्तान में सुरक्षा चुनौतियों से भरा इलाका है। यहां बलूच अलगाववादी संगठन अक्सर सरकारी और विदेशी निवेश वाली परियोजनाओं को निशाना बनाते हैं। हाल के वर्षों में खनन क्षेत्रों (कोयला खदानें) और सुरक्षा बलों पर भी हमले हुए हैं। बलूचिस्तान प्राकृतिक संसाधनों, गैस, तेल और खनिज से काफी समृद्ध है। लेकिन यहां लंबे समय से अलगाववादी और विद्रोही गुट सक्रिय रहे हैं। फिलहाल, कंपनी और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रण में बताया गया है और सुरक्षा बल इलाके को पूरी तरह से खतरे से मुक्त करने के लिए अपना अभियान जारी रखे हुए हैं।
कई देशों में तेल रिफाइनरियों पर हमला?
पिछले 50 दिनों के भीतर भारत सहित दुनियाभर के छह देशों की प्रमुख तेल रिफाइनरियों में आग लगने और धमाकों की एक बेहद रहस्यमयी घटनाएं देखी गई हैं। भारत की प्रमुख आतंकवाद निरोधी एजेंसी NIA (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण) ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान में हुई हालिया घटना की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल भारत में हाल ही में दो प्रमुख घटनाएं हुई हैं, जिन्हें कुछ लोग साजिश से जोड़कर देख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने से ठीक एक दिन पहले रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (मुख्य प्रोसेसिंग यूनिट) में भीषण आग लग गई। यह भारत की पहली बड़ी ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। कोई हताहत नहीं हुआ। खबरों की मानें तो भारत की आतंकी रोधी एजेंसी एनआईए इस मामले की जांच में जुट गई है। भारत के अलावा, इराक, मेक्सिको, इक्वाडोर, ऑस्ट्रलिया, रोमानिया और अमेरिका में भी तेल रिफाइनरियों में आग लगने की खबरें सामने आई हैं।
लेखक के बारे में
Amit Kumarडिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


