अब खामेनेई के पास खास संदेश लेकर पहुंचे पाकिस्तानी गृह मंत्री; नाजुक मोड़ पर फंसी वार्ता
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी आसिम मुनीर का खास संदेश लेकर ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई से मिलने पहुंचे हैं। बता दें कि ईरान और अमेरिका दोनों ओर से हमलों से वार्ता नाजुक दौर में पहुंच गई है।

अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता करवाने और समझौते का क्रेडिट लेने के लिए पाकिस्तान एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के लिए एक संदेश लेकर तेहरान पहुंचे हैं। नकवी शनिवार रात को ईरान पहुंचे और उनका स्वागत उनके समकक्ष एस्कंदर मोमेनी ने किया। दोनों की मुलाकात इस सप्ताह बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के दौरान हुई थी।
आसिम मुनीर ने भेजा है खास संदेश
'द डॉन' अखबार ने ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी 'इरना' के हवाले से बताया कि नकवी पाक रक्षा बलों के प्रमुख, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का खामेनेई के लिए एक 'महत्वपूर्ण संदेश' लेकर पहुंचे हैं। राजनयिक सूत्रों ने बताया कि नकवी का मिशन पाकिस्तान के उन प्रयासों का हिस्सा था जिनका उद्देश्य इस साल की शुरुआत में इस्लामाबाद द्वारा कराए गए युद्धविराम समझौते को टूटने से रोकना और वाशिंगटन और तेहरान के बीच सार्थक बातचीत फिर से शुरू करने के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना था।
नाजुक मोड पर वार्ता
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच हफ्तों तक चले भीषण संघर्ष के बाद अप्रैल में हुआ युद्धविराम औपचारिक रूप से अब भी लागू है लेकिन खाड़ी क्षेत्र में और उसके आसपास हुई सैन्य घटनाओं के कारण इसे बार-बार चुनौती मिलती रही है। तेहरान रवाना होने से पहले गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मशविरा किया। यह दौरा ऐसे अहम समय में हो रहा है जब पाकिस्तान की मध्यस्थता में महीनों से जारी समझौते की बातचीत अब आखिरी चरण में पहुंच गई है। अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता नाजुक मोड़ पर फंस गई है।
दोनों तरफ से हो रहे हमले
'द डॉन' ने बताया कि ईरानी सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई से जुड़े हालिया घटनाक्रमों ने वार्ता में प्रगति के प्रयासों को और जटिल बना दिया है। इस गतिरोध के केंद्र में ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार, उसके संवर्धन कार्यक्रम, प्रतिबंधों के भविष्य, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर असहमति है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार दावा किया है कि वार्ता सक्रिय रूप से जारी है और समझौते की दिशा में प्रगति हो रही है, हालांकि ईरानी अधिकारियों का रुख कहीं अधिक सतर्कता वाला है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने हाल में कहा कि वार्ता में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है और तेहरान अब भी मध्यस्थों के माध्यम से भेजे गए प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है।
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


