जंग रुकवाने चला था पाकिस्तान, खुद ही उलझा; ईरान के दोस्त पर अब बम गिराने को क्यों बेकरार?

लाइव हिन्दुस्तान, इस्लामाबाद
Follow us on Google News
share

पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी दी कि अगर यमन का संघर्ष सऊदी इलाके में यूं ही जारी रहा, तो समझौते की सामूहिक रक्षा वाली शर्त लागू हो सकती है। सूत्र ने बताया कि पाक हमलों प्राथमिकताओं में से एक सादाह और अन्य इलाकों से हूती विद्रोहियों को खदेड़ना होगा।

Pakistan
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर।

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बुधवार (9 सितंबर) को कहा कि सऊदी अरब ने यमन के कई हिस्सों में 30 से अधिक हवाई हमले किए हैं। यह कार्रवाई हूती लड़ाकों द्वारा एक दिन पहले सऊदी अरब पर किए गए बड़े हमलों में दर्जनों लोगों के घायल होने के बाद हुई है। दूसरी तरफ, ईरान-अमेरिका जंग को रुकवाने के लिए मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान भी अब इस मोर्चे पर उलझ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि मक्का समझौते यानी इस्लामिक नाटो के तहत पाकिस्तान अब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर बमबारी करने को बेकरार है। इसके संकेत पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने दिए हैं।

दरअसल, पिछले महीने 7 अगस्त को सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच एक त्रिपक्षीय सुरक्षा समझौता हुआ था। इसकी मुख्य शर्तों के अनुसार, अगर इन तीनों देशों में से किसी एक पर भी सैन्य हमला होता है, तो उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। माना जा रहा है कि इसी मक्का समझौते की वजह से अब पाकिस्तान फंस गया है क्योंकि ईरान समर्थित हूतियों ने सऊदी अरब पर मंगलवार को भी जोरदार हमला बोला। दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक सऊदी अरब पर हूतियों ने हाल के सप्ताहों में दबाव बढ़ा दिया है। जुलाई में 2022 में शुरू हुआ संघर्षविराम कमजोर पड़ने के बाद से समूह ने कई बार सऊदी तेल प्रतिष्ठानों और टैंकरों को निशाना बनाया है।

जल्द लागू होगा मक्का समझौता

इस बीच, चर्चा है कि पाकिस्तान मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट (संयुक्त रक्षा समझौता) को जल्द ही लागू कर सकता है और यमन पर हमला बोल सकता है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी दी कि अगर यमन का संघर्ष सऊदी इलाके में यूं ही जारी रहा, तो समझौते की सामूहिक रक्षा वाली शर्त लागू हो सकती है। बुधवार को 'तुर्की टुडे' ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि ईरान के प्रॉक्सी हूती विद्रोहियों पर पाकिस्तान जल्द ही हवाई हमले कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन हमलों की जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।

हूती विद्रोहियों को खदेड़ना मकसद

एक पाकिस्तानी सूत्र ने 'तुर्की टुडे' को बताया, "पाकिस्तानी हमलों की सैन्य प्राथमिकताओं में से एक सादाह और अन्य इलाकों से हूती विद्रोहियों को खदेड़ना होगा।" ख्वाजा आसिफ की यह टिप्पणी मंगलवार को सऊदी अरब में ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हूती ड्रोन और मिसाइल हमले के बाद आई है, जिसमें कम से कम 73 लोग घायल हुए थे। बता दें कि तुर्की के अलावा पाकिस्तान और सऊदी अरब भी मक्का समझौते का हिस्सा हैं। इस्लामाबाद और रियाद ने 2025 में एक रणनीतिक आपसी रक्षा समझौते पर भी हस्ताक्षर किए थे, जिस पर मक्का समझौते के सिद्धांत आधारित थे।

कोई शक नहीं है

ईरान समर्थित हूती समूह, खाड़ी देश यमन में सत्ता हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 2015 में, रियाद ने हूती विद्रोहियों को कुचलने के लिए यमन में एक असफल सैन्य हस्तक्षेप किया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर मिसाइल और हवाई हमले होते रहे हैं। कराची स्थित जियो न्यूज से बात करते हुए, आसिफ ने इस सवाल का सकारात्मक जवाब दिया कि क्या हालिया हूती हमलों के बाद मक्का समझौते को लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है क्योंकि समझौते में यह प्रावधान है कि किसी एक सदस्य के खिलाफ आक्रामकता की किसी भी कार्रवाई को सभी के खिलाफ हमला माना जाएगा।

हम समझौते की शर्तों और नियमों से बंधे: आसिफ

आसिफ ने जियो न्यूज से कहा, "हम इस समझौते की शर्तों और नियमों से बंधे हैं, और जरूरत पड़ने पर हम उनका पालन करेंगे।" 'जियो न्यूज़' से बात करते हुए आसिफ़ ने कहा कि अगर किसी सदस्य देश पर बिना उकसावे के हमला होता है या यमन का संघर्ष सऊदी अरब तक फैलता है, तो समझौते के तहत सामूहिक सुरक्षा के नियम लागू हो जाएंगे। इससे पहले इस्लामाबाद में पत्रकारों से बात करते हुए ख्वाजा आसिफ़ ने कहा था कि सऊदी अरब पर हूतियों का हमला पाकिस्तान पर हमला माना जाएगा।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़जंग रुकवाने चला था पाक, खुद उलझा; ईरान के दोस्त पर अब बम गिराने को क्यों बेकरार?