
अफगानिस्तान में पाकिस्तानी सेना का कहर, दर्जनों को मार डाला; 100 से ज्यादा घायल
पाकिस्तान अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी तालिबान तहरीक-ए-तालिबान (TTP) के नेतृत्व वाले आतंकवादी ग्रुप को अपनी जमीन पर पनाह देने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि, तालिबान ने इन आरोपों से इनकार किया है। इसकी वजह से दोनों देशों में हाल के समय में संघर्ष बढ़ गया।
Pakistan Taliban Tension: पाकिस्तान और तालिबान शासित अफगानिस्तान के बीच संघर्ष बुधवार को भी जारी रहा। झड़प के नए दौर में दोनों तरफ के दर्जनों सैनिक और आम लोगों की मौत हो गई। दोनों देशों के बीच बॉर्डर पर यह संघर्ष दूसरे हफ्ते में पहुंच गया है। पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में कहर बरपाते हुए दर्जनों को मार डाला, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हैं। पिछले हफ्ते अफगानिस्तान में हुए धमाकों के बाद से दोनों पड़ोसियों के बीच हिंसा बढ़ गई है, जिसमें राजधानी काबुल में हुए दो धमाके भी शामिल हैं, जिनके लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया गया था। काबुल में तालिबान सरकार ने जवाबी कार्रवाई में अपनी दक्षिणी सीमा के कुछ हिस्सों पर हमला किया, जिसके बाद इस्लामाबाद ने भी अपनी तरफ से जवाब दिया। पाकिस्तान अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी तालिबान तहरीक-ए-तालिबान (TTP) के नेतृत्व वाले आतंकवादी ग्रुप को अपनी जमीन पर पनाह देने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि, तालिबान ने इन आरोपों से इनकार किया है। इसकी वजह से दोनों देशों में हाल के समय में संघर्ष बढ़ गया।

वहीं, पाकिस्तान की सेना का कहना है कि उसने अफगानिस्तान सीमा पर तालिबान के कई हमलों को विफल कर दिया तथा दर्जनों हमलावरों को मार गिराया। सेना ने कहा कि अफगान तालिबान ने पीओके के बलूचिस्तान प्रांत के स्पिन बोल्डक क्षेत्र में चार स्थानों पर हमला किया, जिसे पाकिस्तानी सेना ने विफल कर दिया। सेना ने कहा, ‘‘हमले को नाकाम करते हुए 15-20 अफगान तालिबानियों को मार गिराया गया और कई घायल हो गए।’’ सेना की ओर से कहा गया है कि स्थिति तेजी से बदल रही रही है क्योंकि ‘फितना अल ख्वारिज’ और अफगान तालिबान के ठिकानों पर और भी जमावड़ा होने की खबरें हैं। फितना अल-ख्वारिज शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तानी अधिकारी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों के लिए करते हैं।
सेना ने कहा कि यह हमला क्षेत्र के विभाजित गांवों में किया गया था और तालिबान ने नागरिक आबादी के प्रति कोई सम्मान नहीं दिखाया। उसने कहा, ‘‘अफगान तालिबान ने अपनी तरफ स्थित पाक-अफगान मैत्री फाटक को भी नष्ट कर दिया, जो स्पष्ट रूप से आपसी व्यापार और विभाजित जनजातियों की सुगमता के अधिकारों के संबंध में उनकी मानसिकता को दर्शाता है।’’ पाकिस्तानी सेना ने कहा कि पीओके के स्पिन बोल्डक में हुआ हमला कोई अकेली घटना नहीं थी, क्योंकि 14 अक्टूबर की रात को अफगान तालिबान और फितना अल ख़्वारिज (टीटीपी) ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम सेक्टर में पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर हमला करने की कोशिश की थी। उसने कहा ,‘‘इन हमलों को प्रभावी ढंग से नाकाम कर दिया गया, जिससे अफगान चौकियों को भारी नुकसान हुआ। पाकिस्तानी सैनिकों की प्रभावी लेकिन उचित जवाबी कार्रवाई में छह टैंकों समेत आठ चौकियां नष्ट हो गईं तथा 25-30 अफगान तालिबान और फितना अल ख्वारिज के लड़ाकों के मारे जाने की आशंका है।’’

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




