
इस्लामाबाद प्रेस क्लब में घुसी पुलिस, कैमरे तोड़े और पत्रकारों को पीटा; देश भर में आज ब्लैक डे
गृह मंत्री नकवी ने कहा, ‘पत्रकार समुदाय के खिलाफ हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’ उन्होंने बताया कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस्लामाबाद के इंस्पेक्टर जनरल से रिपोर्ट भी मांगी है।
पाकिस्तान पत्रकार संघ की ओर से आज ब्लैक डे मनाया जा रहा है। गुरुवार को इस्लामाबाद नेशनल प्रेस क्लब में पत्रकारों पर हमले के बाद यह कदम उठाया गया। पाकिस्तान फेडरल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (PFUJ) के अध्यक्ष अफजल बट ने कहा, 'पत्रकार इस समय बेहद गुस्से में हैं। देश भर के सभी प्रेस क्लब इस कृत्य की निंदा में काले झंडे फहराएंगे।' रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर (PoJK) के प्रेस क्लब में भी प्रदर्शन हो रहा है। पीओजेके में विरोध प्रदर्शन यह लगातार छठा दिन है।

पत्रकार यूनियनों ने शुक्रवार को ब्लैक डे घोषित किया, जिसमें कहा गया कि यह मीडिया स्वतंत्रता पर सीधा हमला था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लाठी लिए पुलिसकर्मियों को पत्रकारों को घसीटते, कैमरे तोड़ते और एनपीसी कैफेटेरिया में कर्मचारियों पर हमला करते दिखाया गया। वीडियो में दिख रहा है कि एक फोटो पत्रकार की शर्ट फटी हुई है और उसका कैमरा तोड़ दिया गया है।
गृह मंत्री ने जांच के दिए आदेश
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस्लामाबाद पुलिस की ओर से नेशनल प्रेस क्लब (NPC) पर अटैक करने और पत्रकारों पर हमले की जांच के आदेश दिए हैं। नकवी ने कहा, ‘पत्रकार समुदाय के खिलाफ हिंसा को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’ उन्होंने बताया कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस्लामाबाद के इंस्पेक्टर जनरल से रिपोर्ट भी मांगी है।
पीछे हटने को तैयार नहीं पत्रकार
दूसरी ओर, पत्रकारों ने केवल जांच कराने की बात को खारिज कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की कार्रवाइयां जारी रहीं तो और सख्त जवाब दिया जाएगा। पाकिस्तान फेडरल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (PFUJ) के अध्यक्ष अफजल बट ने कहा, 'यह केवल इस्लामाबाद प्रेस क्लब का मुद्दा नहीं है। देश भर के प्रेस क्लब मानते हैं कि अगर इस सबसे खराब घटना को नजरअंदाज किया गया तो ऐसा कल कराची, लाहौर, पेशावर या क्वेटा में भी हो सकता है।' उन्होंने कहा कि पत्रकार देश भर के प्रेस क्लबों में काले झंडे फहराएंगे। नेशनल प्रेस क्लब पर हमला, मीडिया स्वतंत्रता पर हमला है।

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




