इमरान खान की बहन ने खोली मुनीर की पोल, मिर्ची पाकिस्तान सरकार को लगी; कर दी ये हरकत
पाकिस्तान की राष्ट्रीय साइबर अपराध अन्वेषण एजेंसी ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन नूरीन नियाजी को समन जारी किया है। एजेंसी ने उन पर सरकारी संस्थाओं को बदनाम करने और सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन के बयान पर फील्ड मार्शल आसिम मुनीर हिल गए हैं। यही कारण है कि पाकिस्तान की राष्ट्रीय साइबर अपराध अन्वेषण एजेंसी (NCEAC) ने नूरीन नियाजी को समन जारी कर उन्हें सोमवार को इस्लामाबाद स्थित कार्यालय में पेश होने का निर्देश देना पड़ा। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि नियाजी ने सोशल मीडिया पर सरकारी संस्थाओं को बदनाम करने, सशस्त्र बलों की छवि को धूमिल करने और झूठा विमर्श फैलाने के उद्देश्य से गलत, आपत्तिजनक तथा भड़काऊ सामग्री पोस्ट की।
दरअसल, यह कार्रवाई नियाजी के एक हालिया इंटरव्यू के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हुई है। इंटरव्यू में उन्होंने मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच हुई सैन्य झड़प को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। नियाजी ने दावा किया कि यह संघर्ष पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व (फील्ड मार्शल मुनीर सहित) और भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच कथित साठगांठ का नतीजा था। उनका कहना था कि इस पूरे घटनाक्रम का मकसद पाकिस्तानी सशस्त्र बलों की छवि को बेहतर बनाना था।
इंटरव्यू में नियाजी ने और क्या कहा?
इंटरव्यू में नूरीन नियाजी ने पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के साथ हुए चार दिवसीय सैन्य संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि आपको क्या लगता है? भारत जैसे बड़ा देश 10 मई 2025 को पाकिस्तान के हमले का जवाब देने की स्थिति में नहीं था? वह जवाब दे सकता था, लेकिन किसी तालमेल की वजह से भारत ने जानबूझकर कड़ा जवाब नहीं दिया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि भारत ने संघर्ष को और बढ़ने नहीं दिया क्योंकि पाकिस्तान इजरायल को मान्यता देने की दिशा में आगे बढ़ रहा था। नियाजी का आरोप था कि इस कवायद का उद्देश्य इस्लामाबाद के लिए 'अब्राहम समझौते' की राह आसान करना था।
क्या है अब्राहम समझौता?
दरअसल, ‘अब्राहम समझौता’ अमेरिका की मध्यस्थता में हुए उन समझौतों की श्रृंखला है, जिनके तहत इजरायल और कई अरब देशों ( संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, सूडान और मोरक्को ) के बीच राजनयिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंध स्थापित हुए थे। पाकिस्तान आज भी उन देशों में शामिल है जो इजरायल को एक राष्ट्र के रूप में मान्यता नहीं देते और उसके साथ कोई राजनयिक संबंध नहीं रखते।
एजेंसी के नोटिस में क्या?
एजेंसी ने नोटिस में स्पष्ट रूप से लिखा है आप सरकारी संस्थाओं को बदनाम करने और झूठा विमर्श फैलाने के मकसद से सोशल मीडिया पर गलत, आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री फैलाने में संलिप्त पाई गई हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अगर नियाजी समन का पालन नहीं करती हैं तो उनके पास बचाव में कुछ भी नहीं होगा और आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सियासी बयानबाजी तेज
वहीं, नियाजी की टिप्पणियों पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) की वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रांत की सूचना एवं संस्कृति मंत्री अजमा बुखारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। बयान जारी करते हुए बुखारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में की गई यह टिप्पणी “बेहद निंदनीय” है। उन्होंने इसे पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा और सशस्त्र बलों के प्रति दुर्भावनापूर्ण हमला बताया।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


