इमरान खान से अडियाला जेल में मिलीं पत्नी और बहन, क्या हुई बातचीत?
इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं और अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की लंबे समय बाद उनकी बहन और पत्नी से अडियाला जेल में मुलाकात हुई है। स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बीच पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट की तरप से साप्ताहिक पारिवारिक बैठकों की अनुमति दिए जाने के बाद नौ महीने में यह उनकी पहली मुलाकात थी।
इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं और अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं।
राजनीति पर बात करने से मनाही
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इमरान खान की बहन नोरिन नियाजी ने जेल के कॉन्फ्रेंस रूम में उनसे करीब 15 मिनट तक बातचीत की।
मुलाकात के दौरान दोनों के बीच इमरान खान की सेहत और मेडिकल चेकअप को लेकर बात हुई।
नोरिन ने इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश की जानकारी दी, जिसमें उन्हें मेडिकल जांच के लिए 'शिफा इंटरनेशनल अस्पताल' शिफ्ट करने को कहा गया है।
शीर्ष अदालत ने पहले ही हिदायत दी है कि इस पारिवारिक मुलाकात का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए नहीं किया जाएगा। ऐसा करने पर दी गई राहत वापस ली जा सकती है।
दूसरे नेताओं और बहनों को इजाजत नहीं: इमरान खान की अन्य बहनों (अलीमा खान, उजमा खान), चचेरे भाई और पार्टी के अन्य नेताओं को मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
पत्नी बुशरा बीबी से भी अलग से मिले
इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी, जो खुद भी अडियाला जेल में बंद हैं, उनसे भी अलग से मुलाकात का समय दिया गया। दोनों के बीच करीब 30 से 35 मिनट तक मुलाकात चली।
इसके बाद बुशरा बीबी ने अपनी पहली शादी से हुए बच्चों (मूसा और मुबशरा मनेका) तथा अपनी ननद मेहरुन्निसा से करीब 40 मिनट तक बात की।
16 सितंबर तक अस्पताल में रखने के निर्देश
पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया है कि इमरान खान को बेहतर इलाज के लिए दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल शिफ्ट किया जाए। कोर्ट इस मामले में 16 सितंबर को अगली सुनवाई करेगा, तब तक पूर्व प्रधानमंत्री का इलाज निजी अस्पताल में जारी रहेगा।


