
जेल में इमरान खान की हालत खराब, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री ने UN से मांगी मदद
इमरान खान की कानूनी टीम ने कहा कि ये परिस्थितियां यातना के विरुद्ध कन्वेंशन (सीएटी) और नागरिक एवं राजनीतिक अधिकारों पर अंतरराष्ट्रीय वाचा (आईसीसीपीआर) के तहत पाकिस्तान के दायित्वों का उल्लंघन करती हैं।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का मामला अब संयुक्त राष्ट्र (UN) तक पहुंच गया है। जियो टीवी के अनुसार, इमरान खान का प्रतिनिधित्व करने वाली अंतरराष्ट्रीय कानूनी टीम ने उनकी हिरासत के दौरान हो रहे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों का हवाला देते हुए यातना पर संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत के समक्ष अपील दायर की है। यह अपील पर्सियस स्ट्रैटेजीज द्वारा खान के कानूनी प्रतिनिधियों की ओर से प्रस्तुत की गई थी, जिसमें 'दुर्व्यवहार के व्यवस्थित पैटर्न' का जिक्र किया गया, जिसमें लंबे समय तक एकांत कारावास, चिकित्सा देखभाल से इनकार, दूषित भोजन, और कानूनी परामर्श व परिवार से मिलने तक सीमित पहुंच शामिल है। इमरान खान की कानूनी टीम ने कहा कि ये परिस्थितियां यातना के विरुद्ध कन्वेंशन (सीएटी) और नागरिक एवं राजनीतिक अधिकारों पर अंतरराष्ट्रीय वाचा (आईसीसीपीआर) के तहत पाकिस्तान के दायित्वों का उल्लंघन करती हैं।

जियो टीवी के अनुसार, इमरान खान के बेटे सुलेमान खान ने एक बयान में अपने पिता के साथ किए गए व्यवहार की निंदा की और कहा कि हमारे पिता को ऐसी परिस्थितियों में रखा जा रहा है, जो किसी भी इंसान को नहीं झेलनी चाहिए। यह उनके अधिकारों का उल्लंघन है और यातना के समान है। इमरान खान के दूसरे बेटे कासिम खान ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र पहले ही मान चुका है कि हमारे पिता की कैद मनमानी और गैरकानूनी है। अब वह जो कुछ सह रहे हैं, उससे पता चलता है कि शासन उन्हें तोड़ने के लिए कितना नीचे गिर सकता है। लेकिन वह टूटेंगे नहीं।
इमरान खान के अंतरराष्ट्रीय मामलों के सलाहकार जुल्फी बुखारी ने जोर देकर कहा कि यह दस्तावेज खान की दृढ़ता को दर्शाता है, जो गैरकानूनी कारावास और अपमानजनक व्यवहार सहते हुए भी साहस और शांतिपूर्ण प्रतिरोध के प्रतीक बने हुए हैं। इसलिए, इमरान खान की कानूनी टीम ने विशेष प्रतिवेदक से पूर्व प्रधानमंत्री के मामले की जांच करने और उनकी शारीरिक व मानसिक भलाई सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तानी अधिकारियों पर दबाव डालने का आग्रह किया है। बता दें कि इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में बंद हैं।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




