आसिम मुनीर ने भारत के खिलाफ फिर उगला जहर, इज्जत बचाने को झूठ का सहारा; भारत को दे रहे गीदड़भभकी

Jagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

आसिम मुनीर ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारत को गीदड़भभकी भी दी है। पाकिस्तान इस ऑपरेशन को रोकने के लिए गिड़गिड़ाया था।

आसिम मुनीर ने भारत के खिलाफ फिर उगला जहर, इज्जत बचाने को झूठ का सहारा; भारत को दे रहे गीदड़भभकी

पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भारत के खिलाफ एक बार फिर जहर उगला है। ऑपरेशन सिंदूर को एक साल पूरा होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने झूठों का पिटारा खोलते हुए कहा कि भारत ने यह कार्रवाई बिना किसी उकसावे के की थी। वहीं उन्होंने भारत को गीदड़भभकी भी दी है। बता दें कि यह वहीं मुनीर हैं, जिनके भड़काऊ बयान के बाद जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था जहां पाक के पाले हुए आतंकियों ने 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद ही भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू कर आतंकवाद के साथ साथ पाकिस्तान को भी कड़ा संदेश दिया था।

इससे पहले आसिम मुनीर के भाषण में भारत से करारी हार मिलने की बौखलाहट साफ नजर आई। रविवार को रावलपिंडी के जनरल हेडक्वार्टर (GHQ) में आयोजित एक कार्यक्रम में मुनीर ने कई झूठे बोले। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक इस कार्यक्रम में पाक के वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू और नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ भी मौजूद थे। जानकारों की मानें तो मुनीर के ये बयान सिर्फ सेना की गिरती साख को बचाने की एक कोशिश है, जबकि पूरी दुनिया जानती है कि सच्चाई कुछ और ही है।

क्या बोले मुनीर?

मुनीर ने अपने भाषण में झूठा आरोप लगाते हुए कहा, "भारत ने पिछले साल 6-7 मई की रात और 10 मई के बीच बिना किसी उकसावे के पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन किया। पाकिस्तान ने पूरी राष्ट्रीय एकता और सैन्य बल के साथ जवाब दिया।” मुनीर ने आगे गीदड़भभकी देते हुए कहा कि दुश्मनों को पता होना चाहिए कि अगर भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ कोई ऐसी कोशिश की गई, तो युद्ध का प्रभाव सीमित नहीं रहेगा। यह बहुत दूरगामी और दर्दनाक होगा।

हार को बताने लगे झूठ

मुनीर ने आगे उपदेश दिया कि “मारका-ए-हक” केवल दो देशों या सेनाओं के बीच लड़ा गया एक पारंपरिक युद्ध नहीं था, बल्कि दो विचारधाराओं की लड़ाई थी। उन्होंने कहा, "यह सत्य और असत्य के बीच की लड़ाई थी, जिसमें सत्य पाकिस्तान की जीत हुई। वहीं उन्होंने 2001 (संसद हमला), 2008 (मुंबई हमला), 2016 (उरी) और 2019 (पुलवामा) के बाद भारत की जवाबी कार्रवाइयों को 'फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत झूठे आरोपों और बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई बातों के जरिए पाकिस्तान पर "अवैध युद्ध" थोपने की कोशिश करता रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद रोया था पाकिस्तान

इससे पहले भारत ने पिछले साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। 7 मई को भारत ने रातों-रात हवाई हमले कर पीओके में स्थित 9 प्रमुख आतंकी कैंपों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। वहीं इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से किए गए कायराना हमलों का भी भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया। 10 मई तक भारत ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों, एयरबेस और रडार साइटों पर सटीक हमले कर उसे घुटनों पर ला दिया। इसके बाद मजबूर होकर पाकिस्तान ने भारत से सीजफायर की गुहार लगाई थी जिसे भारत ने सहमति दे दी।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।