अस्पताल पहुंचे इमरान खान को कुछ घंटों में फिर भेज दिया गया जेल, पाकिस्तान में क्या हुआ?
बता दें कि क्रिकेटर से देश के प्रधानमंत्री बने 73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से भ्रष्टाचार के आरोपों में अडियाला जेल में बंद हैं। इस दौरान जेल अधिकारियों द्वारा उनके इलाज में जानबूझकर लापरवाही बरते जाने की खबरें भी सामने आती रही हैं।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान खान को वापस जेल भेज दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इमरान खान को इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में मेडिकल चेक-अप के तुरंत बाद वापस अडियाला जेल ले जाया गया है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 73 वर्षीय इमरान खान को शुक्रवार तड़के मेडिकल जांच के लिए इस्लामाबाद के अस्पताल ले जाया गया था।
जियो न्यूज ने पार्टी से सूत्रों के हवाले से बताया है कि चेक-अप के बाद पीटीआई संस्थापक को बेहद सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच वापस अडियाला जेल लाया गया है। जानकारी के मुताबिक सरकार का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई है जिसके लिए तुरंत इलाज की जरूरत हो।
SC ने दिया था आदेश
बता दें कि इससे पहले इस सप्ताह पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ती सेहत को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया था। कोर्ट ने अधिकारियों को इमरान खान को 48 घंटे के भीतर अस्पताल भेजने का आदेश दिया था। इसका बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रवक्ता नईम हैदर पंजूथा ने बताया था कि खान 16 सितंबर तक अस्पताल में रह सकते हैं। हालांकि अब उन्हें वापस जेल में डाल दिया गया है।
2023 से जेल में बंद हैं इमरान खान
गौरतलब है कि क्रिकेटर से नेता और बाद में देश के पीएम बने इमरान खान अगस्त 2023 से भ्रष्टाचार के आरोपों में अडियाला जेल में बंद हैं। इस दौरान जेल अधिकारियों द्वारा उनके इलाज में जानबूझकर लापरवाही बरते जाने की खबरें सामने आती रही हैं। पीटीआई और इमरान खान के परिवार ने जेल से मिली मेडिकल रिपोर्टों के आधार पर उनकी सेहत को लेकर लगातार चिंता जताई है। वहीं इमरान खान के बेटे सुलेमान खान और कासिम खान ने परिवार से मुलाकात पर लगायी गई पाबंदियों को लेकर भी चिंता जताई है।
इमरान खान पर क्या आरोप?
इससे पहले इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे। 2022 में अविश्वास प्रस्ताव में मिली हार के बाद उन्हें पद से हटना पड़ा। हालांकि उनके समर्थकों का दावा है कि रूस के प्रति अपेक्षाकृत सकारात्मक विदेश नीति के कारण अमेरिका ने उनकी सरकार हटाने में भूमिका निभाई थी। अमेरिका ने इस आरोप से इनकार किया है।
खान को 2023 में सरकारी उपहारों की अवैध बिक्री और खरीद से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराया गया था, हालांकि बाद में उनकी सजा निलंबित कर दी गई। इसके बाद 2024 में उन्हें सरकारी गोपनीय दस्तावेज लीक करने के मामले में 10 साल की जेल की सजा सुनायी गई। इमरान खान ने इस आरोप से इनकार किया है। इमरान खान और उनके राजनीतिक सहयोगी लगातार कहते रहे हैं कि उनके खिलाफ दर्ज मामले राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं और उनका उद्देश्य उन्हें दोबारा राजनीति में लौटने से रोकना है।

