Hindi Newsविदेश न्यूज़Pakistan Criticized in UN over making Asim Munir powerful what says now
असीम मुनीर की ताकत बढ़ाने पर UN में लगी लताड़, सफाई देने लगा पाकिस्तान; क्या कहा?

असीम मुनीर की ताकत बढ़ाने पर UN में लगी लताड़, सफाई देने लगा पाकिस्तान; क्या कहा?

संक्षेप:

असीम मुनीर की ताकत बढ़ाने पर पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किरकिरी हो रही है। संयुक्त राष्ट्र में इसके लिए लताड़ लगने पर अब पाकिस्तान सफाई देने लगा है।

Nov 30, 2025 09:17 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, इस्लामाबाद
share Share
Follow Us on

असीम मुनीर की ताकत बढ़ाने पर पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किरकिरी हो रही है। संयुक्त राष्ट्र में इसके लिए लताड़ लगने पर अब पाकिस्तान सफाई देने लगा है। जिनेवा में शुक्रवार को जारी एक बयान में मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने कहा कि पिछले वर्ष के 26वें संशोधन की तरह नवीनतम संवैधानिक संशोधन को भी कानूनी समुदाय और नागरिक समाज के साथ व्यापक परामर्श और चर्चा के बिना अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में किए गए संशोधनों ने न्यायिक स्वतंत्रता को कमजोर किया है और सैन्य जवाबदेही को लेकर चिंताएं पैदा की हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

क्या बोला पाकिस्तान
अब पाकिस्तान ने इस पर सफाई दी है। पाकिस्तान की तरफ से कहा गया है कि सभी संसदीय लोकतंत्रों की तरह, सभी कानून और संविधान में कोई भी संशोधन पाकिस्तान की जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के अधिकार क्षेत्र में है। बयान में कहा गया कि हालांकि, पाकिस्तान मानवाधिकार उच्चायुक्त के कार्य को उचित महत्व देता है, लेकिन यह खेदजनक है कि जारी किये गए बयान में जमीनी हकीकत प्रतिबिंबित नहीं हुई।

पाकिस्तान की तरफ से जारी बयान में आगे कहा गया है कि संविधान में निहित मानवाधिकारों, मानवीय गरिमा, बुनियादी स्वतंत्रताओं और कानून के शासन की रक्षा, संवर्धन और उसे बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बयान में कहा गया कि हम उच्चायुक्त से आग्रह करते हैं कि वे पाकिस्तान की संसद के संप्रभु निर्णयों का सम्मान करें और ऐसी टिप्पणियों से बचें जो राजनीतिक पूर्वाग्रह और गलत सूचना को दर्शाती हों।

पाकिस्तान में भी उठे थे सवाल
इस महीने की शुरुआत में, पाकिस्तान की सीनेट और नेशनल असेंबली की संयुक्त संसदीय समिति ने 27वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी थी। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सरकार उच्चतम न्यायालय के लिए खतरे का संकेत दे रही है।

क्या है संशोधन
इस संशोधन के जरिए संविधान के अनुच्छेद 243 में बदलाव किया गया है, जिसके तहत ‘ज्वॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष को हटाकर एक नए ‘प्रमुख रक्षा अध्यक्ष’ की नियुक्ति की गई है। इसी संशोधन के तहत एक संघीय संवैधानिक न्यायालय की स्थापना की गई है और मौजूदा उच्चतम न्यायालय की शक्तियों को सीमित किया गया है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।