पाकिस्तान पर मंडरा रहा बड़ा खतरा, जंग के बीच तालिबान ने तैयार कर लिया ‘सुसाइड स्क्वॉड’

Feb 28, 2026 10:27 am ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

हमलों के बाद अफगानिस्तान ने आत्मघाती हमलावरों की एक बटालियन की तस्वीर जारी की है। कहा गया है कि हमलावर विस्फोटक जैकेट और कार बम से लैस हैं और बड़े ठिकानों पर हमला करने के लिए तैयार हैं।

Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर संघर्ष गहराने के बाद शुक्रवार को भीषण जंग शुरू हो गई है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान भी कर दिया है। हालांकि अब पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ती हुईं नजर आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक तालिबान ने यहां किसी भी खतरे को भांपते हुए ‘सुसाइड स्क्वॉड’ तैयार कर लिया है।

जंग के हालातों के बीच अफगानिस्तान की सरकारी न्यूज एजेंसी बख्तर न्यूज ने कथित तौर पर आत्मघाती हमलावरों की एक बटालियन की तस्वीर जारी की है। एजेंसी ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से कहा कि ये हमलावर विस्फोटक जैकेट और कार बम से लैस हैं और अहम ठिकानों पर हमला करने के लिए तैयार हैं। वहीं तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि डूरंड लाइन यानी पाकिस्तान सीमा से लगे पक्तिया, पक्तिका और खोस्त प्रांतों में जवाबी सैन्य अभियान तेज कर दिए गए हैं।

अफगानिस्तान ने इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान के सीमा क्षेत्रों में घुसकर कहर बरपाया है। पाकिस्तान द्वारा गुरुवार को किए गए हमलों का जवाब देते हुए अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की जिसमें 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। अफगानिस्तान ने पाक के कई सैनिकों को जिंदा पकड़ने का भी दावा किया है।

पाकिस्तान ने खुली जंग का किया ऐलान

वहीं पाकिस्तान के मुताबिक एयरफोर्स के लड़ाकू विमान कंधार के ऊपर लगातार गश्त कर रहे हैं। पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कहा है कि सब्र का बांध टूट चुका है अब खुली जंग शुरू हो चुकी है। पाकिस्तानी अधिकारियों और अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल, दक्षिण में कंधार और दक्षिण-पूर्व में पक्तिया प्रांत में हवाई हमले किए। पाकिस्तान का कहना है कि ये हमले अफगानिस्तान द्वारा किए गए सीमा पार हमलों के जवाब में थे। तेज हुए हमलों से कतर की मध्यस्थता में हुआ संघर्षविराम कमजोर पड़ता दिख रहा है।

चीन, रूस ने की मध्यस्थता की पेशकश

इस बीच चीन, रूस और ईरान जैसे देशों ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जंग शुरू होने को लेकर चिंता जताते हुए मध्यस्थता की पेशकश की है। रूस ने कहा है कि अगर दोनों पक्ष अनुरोध करते हैं तो वह सक्रियता से इस पर विचार कर रहा है। वहीं संयुक्त राष्ट्र ने भी दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान
Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।