
मिसाइल उत्पादन डबल करो… और साउथ कोरिया की ओर दागी मिसाइल; वेनेजुएला अटैक के बाद ऐक्शन में किम जोंग
एक ओर अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया, जिसमें राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी ओर ब्रिटेन और फ्रांस ने सीरिया में IS के एक भूमिगत हथियार भंडार पर संयुक्त हवाई हमला किया। इसी बीच उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया की ओर मिसाइलें दागकर सनसनी फैला दी…
नए साल की शुरुआत वैश्विक तनावों के साथ हुई है। एक ओर अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया, जिसमें राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी ओर ब्रिटेन और फ्रांस ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट के एक भूमिगत हथियार भंडार पर संयुक्त हवाई हमला किया। इसी बीच उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया की ओर मिसाइलें दागकर सनसनी फैला दी। इस घटना से क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि उत्तर कोरिया अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने में जुटा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका के वेनेजुएला पर हमले के बाद किम जोंग उन ने यह कदम उठाया हो सकता है। इसके अलावा किम ने हाल ही में एक हथियार फैक्ट्री का दौरा किया। सरकारी मीडिया कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) के अनुसार, किम जोंग उन ने मिसाइलों के उत्पादन को डबल करने का आदेश दिया।
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने एक बयान में कहा कि सेना को सुबह सात बजकर 50 मिनट पर उत्तर कोरिया की राजधानी क्षेत्र से कई बैलिस्टिक मिसाइलें प्रक्षेपित होने का पता चला। बयान में कहा गया कि मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तट की ओर दागी गईं और लगभग 900 किलोमीटर तक उड़ीं। ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि उन्होंने अपनी निगरानी व्यवस्था मजबूत कर ली है और उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपणों के संबंध में अमेरिका तथा जापान के साथ लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहे हैं। जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी उत्तर कोरिया द्वारा संदिग्ध मिसाइल प्रक्षेपण की पुष्टि की है। इस प्रक्षेपण से किसी प्रकार के नुकसान की तत्काल कोई जानकारी नहीं है। यह प्रक्षेपण उत्तर कोरिया में सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की आगामी कांग्रेस से पहले हथियारों का प्रदर्शन करने की ताजा घटना है।
गौरतलब है कि यह मिसाइल प्रक्षेपण दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ शिखर वार्ता के लिए चीन रवाना होने से कुछ घंटे पहले हुआ। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब ताइवान को लेकर चीन और जापान के बीच बढ़े तनाव के बाद चीन दक्षिण कोरिया के साथ संबंध मजबूत करने का इच्छुक है। चीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि ली बीजिंग पहुंच गए हैं। जून में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद ली जे म्युंग की चीन की यह पहली यात्रा है। इस दौरान ली अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। चीन के साथ बढ़े तनाव के बीच जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने नवंबर में कहा था कि अगर चीन ताइवान के खिलाफ कार्रवाई करता है तो उनके देश की सेना भी इसमें शामिल हो सकती है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




