नए बांग्लादेश में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं; हिंदू युवक की लिंचिंग की यूनुस ने की निंदा

Dec 19, 2025 01:56 pm ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

सरकारी बयान में कहा गया कि कानून को अपने हाथ में लेने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नए बांग्लादेश में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं; हिंदू युवक की लिंचिंग की यूनुस ने की निंदा

बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में कथित ईशनिंदा के आरोप में एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने की घटना पर अंतरिम सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार ने इस घटना की निंदा करते हुए स्पष्ट कहा है कि नए बांग्लादेश में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और लोगों से शांति व संयम बनाए रखने की अपील की है।

पीड़ित की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में हुई है, जो भालुका उपजिला के दुबालिया पारा इलाके में किराए पर रहने वाला एक गारमेंट फैक्ट्री का मजदूर था। पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों के एक समूह ने उस पर पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया और रात करीब 9 बजे उस पर हमला कर दिया।

सरकारी बयान में कहा गया कि कानून को अपने हाथ में लेने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करने और जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

आपको बता दें कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब बांग्लादेश पहले से ही राजनीतिक अस्थिरता और व्यापक प्रदर्शनों के दौर से गुजर रहा है। जुलाई आंदोलन के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद राजधानी ढाका समेत कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर भारतीय प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश भी हुई।

बांग्लादेश में पिछले वर्ष जुलाई में हुए विद्रोह के प्रमुख नेताओं में से एक शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन और हिंसा की घटनाएं हुईं, जिससे देशभर में तनाव व्याप्त हो गया। हादी 12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों में एक उम्मीदवार थे। छह दिन तक जिंदगी-मौत के बीच जंग लड़ने के बाद सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पिछले सप्ताह उन्होंने मध्य ढाका के विजयनगर इलाके में अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की थी, तब एक नकाबपोश बंदूकधारी ने उनके सिर में गोली मार दी थी।

प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख समाचार पत्रों के कार्यालयों पर हमला किया, 32 धानमंडी को हथौड़ों से तोड़ा-फोड़ा, और राजशाही सिटी में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भंग हो चुकी पार्टी आवामी लीग के एक कार्यालय को भी ध्वस्त कर दिया।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;