
खून की आखिरी बूंद तक लड़ने को तैयार... क्यूबा ने ट्रंप को दिया करारा जवाब, अब क्या करेगा अमेरिका?
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हमें कोई यह नहीं बताए कि हमें क्या करना है। हम अपने देश की रक्षा के लिए खून की आखिरी बूंद तक लड़ने को तैयार हैं।
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हमें कोई यह नहीं बताए कि हमें क्या करना है। हम अपने देश की रक्षा के लिए खून की आखिरी बूंद तक लड़ने को तैयार हैं। दरअसल, ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद क्यूबा को सीधे निशाना बनाया था। उन्होंने कहा कि अब क्यूबा को वेनेजुएला से न तेल मिलेगा, न पैसा, और न ही कोई आर्थिक सहारा। ट्रंप ने क्यूबा को 'बहुत देर होने से पहले' अमेरिका के साथ समझौता करने की सलाह भी दी। ट्रंप के इस बयान के बाद क्यूबा के राष्ट्रपति ने पलटवार किया है।
क्यूबा के राष्ट्रपति ने क्या कहा?
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अपने देश के खिलाफ दी गई कड़ी चेतावनी को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने वाशिंगटन द्वारा उनके सहयोगी वेनेजुएला के नेता को गिरफ्तार करने के बाद अपने देश की संप्रभुता की रक्षा करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया। डियाज-कैनेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि क्यूबा एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है। हमें कोई यह नहीं बता सकता कि हमें क्या करना है। उन्होंने आगे कहा कि यह कैरेबियन द्वीप राष्ट्र अपने देश की रक्षा के लिए खून की आखिरी बूंद तक लड़ने को तैयार है।
डोनाल्ड ट्रंप ने दी थी चेतावनी
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि अब वेनेजुएला से क्यूबा को न तेल मिलेगा और न ही पैसा। इस दौरान ट्रंप ने सलाह दी कि क्यूबा को 'बहुत देर होने से पहले' अमेरिका के साथ एक समझौता कर लेना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि क्यूबा कई वर्षों से वेनेजुएला से बड़ी मात्रा में तेल और धन पर निर्भर रहा है। बदले में क्यूबा ने वेनेजुएला के पिछले दो 'तानाशाहों' को सुरक्षा सेवाएं प्रदान की हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
क्यूबा को अब न तेल मिलेगा, न पैसा
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि क्यूबा को अब न तेल मिलेगा, न पैसा। मैं सुझाव देता हूं कि वे बहुत देर होने से पहले एक समझौता कर लें। उन्होंने आगे कहा कि पिछले सप्ताह अमेरिकी हमले में ज्यादातर क्यूबाई मारे गए हैं, और अब वेनेजुएला को उन 'गुंडों और जबरन वसूली करने वालों' से सुरक्षा की जरूरत नहीं है, जिन्होंने उन्हें इतने सालों तक बंधक बनाकर रखा था। इस दौरान ट्रंप ने दावा किया कि अब वेनेजुएला के पास संयुक्त राज्य अमेरिका है, दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना उनकी रक्षा करेगी। उन्होंने लिखा कि वेनेजुएला अब हमारे पास है, और हम उनकी रक्षा करेंगे।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




