Hindi Newsविदेश न्यूज़New Problem for Muhammad Yunus Government in Bangladesh Protest for Pay Hike
बांग्लादेश में यूनुस सरकार की बढ़ी मुसीबत, जमकर विरोध प्रदर्शन; मामला क्या

बांग्लादेश में यूनुस सरकार की बढ़ी मुसीबत, जमकर विरोध प्रदर्शन; मामला क्या

संक्षेप:

बांग्लादेश में यूनुस सरकार के लिए फिर से मुसीबत खड़ी हो गई है। इस बार सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हो रहा है। बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार को चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस के आधिकारिक आवास पर पहुंचे।

Feb 06, 2026 04:34 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, ढाका
share Share
Follow Us on

बांग्लादेश में यूनुस सरकार के लिए फिर से मुसीबत खड़ी हो गई है। इस बार सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हो रहा है। बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार को चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस के आधिकारिक आवास पर पहुंचे। इन लोगों ने नौवें नेशनल पे स्केल की घोषणा किए जाने की मांग की। सुबह करीब 11.30 बजे इन लोगों ने शाहबाग में लगाए गए पुलिस बैरिकेड को तोड़ दिया। इसके बाद यह लोग यूनुस के आवास के पास पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने इन्हें हटाने के लिए लाठी चार्ज किया और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

अलर्ट पर है पुलिस
खबरों के मुताबिक सुरक्षाकर्मियों से झड़प में 15 लोग घायल हो गए। ढाका ट्रिब्यून ने रमना डिवीजन के डीसीपी मसूद आलम के हवाले से बताया कि हम पूरी तरह से अलर्ट पर हैं, ताकि कानून-व्यवस्था को संभाला जा सके। उन्होंने कहा कि हम प्रदर्शनकारियों से बात कर रहे हैं, ताकि उन्हें कहीं और हटाया जा सके। स्थानीय अखबारों के मुताबिक विरोध प्रदर्शन की शुरुआत ढाका में शहीद मीनार से शुरू हुआ। यहीं पर बांग्लादेश भर से प्रदर्शनकारी जुटे हुए थे। करीब 11 बजे यहां जुटे सरकारी कर्मचारियों ने चीफ एडवाइजर यूनुस के सरकारी आवास, यमुना की तरफ चलना शुरू कर दिया। जब यह लोग शाहबाग पहुंचे तो पुलिस ने इन्हें रोका।

टस से मस नहीं हुए प्रदर्शनकारी
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की। लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारी यूनुस के आवास तक पहुंचने में कामयाब रहे और इसके सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की। लेकिन वह लोग टस से मस नहीं हुए। इसके बाद आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया गया।

किस बात का डर
बांग्लादेश में 12 फरवरी को चुनाव होंगे। प्रदर्शनकारियों को डर है कि नई सरकार के सत्ता में आने के बाद, सरकारी कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित वेतन वृद्धि को लागू करने में देरी हो सकती है। उनकी मांग है कि वर्तमान अंतरिम सरकार, जिसके प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस हैं, नया वेतनमान घोषित करे। उनका कहना है कि वेतन आयोग ने अपनी पूरी रिपोर्ट पहले ही सौंप दी है और यह वेतनमान अधिसूचना के माध्यम से लागू किया जा सकता है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।