मारा गया ड्रग लॉर्ड एल मैन्चो, सबसे बड़े कार्टेल बॉस का अंत; मेक्सिको की सड़कों पर बहा खून

Feb 23, 2026 07:24 am ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

मेक्सिको में स्थित अमेरिकी एम्बेसी ने कहा है कि यह ऑपरेशन मैक्सिकन स्पेशल फोर्स ने दोनों देशों के बीच सहयोग के तहत किया था, जिसमें अमेरिकी अधिकारियों ने मेक्सिको को खुफिया जानकारी दी थी।

मारा गया ड्रग लॉर्ड एल मैन्चो, सबसे बड़े कार्टेल बॉस का अंत; मेक्सिको की सड़कों पर बहा खून

El Mencho Killed: मेक्सिको के हाथ बहुत कामयाबी लगी है। यहां की सेना ने देश के सबसे बड़े ड्रग लॉर्ड को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक मेक्सिकन सेना ने रविवार को एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल के लीडर, नेमेसियो रूबेन ओसेगुएरा सर्वेंट्स, 'एल मैन्चो' को मार गिराया। इसके साथ ही मेक्सिको का सबसे ताकतवर कार्टेल खत्म हो गया है। जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल, जिसे CJNG के नाम से जाना जाता है, मेक्सिको के सबसे ताकतवर और सबसे तेजी से बढ़ने वाले क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन में से एक था। इसे 2009 में बनाया गया था। एल मैन्चो की मौत के बाद अब मेक्सिको में कोहराम मचा हुआ है।

इससे पहले मेक्सिको के डिफेंस डिपार्टमेंट ने एक बयान में बताया कि एल मैन्चो रविवार को यहां जलिस्को के तपालपा में उसे पकड़ने के एक ऑपरेशन में घायल हो गया था। इसके बाद मेक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गई। बता दें कि जलिस्को राज्य इस कार्टेल का बेस था और अमेरिका में भारी मात्रा में फेंटानिल और दूसरी ड्रग्स की तस्करी के लिए जाना जाता था।

जानकारी के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान, सैनिकों पर भी गोलियां चलीं और शूटआउट के दौरान कुल चार लोग मारे गए। बयान में कहा गया कि ओसेगुएरा सर्वेंटेस समेत तीन और लोग घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बख्तरबंद कई गाड़ियां, रॉकेट लॉन्चर और दूसरे हथियार जब्त किए गए हैं।

मेक्सिको की सड़कों पर भारी उपद्रव

ताकतवर ड्रग माफिया की हत्या के बाद मेक्सिको की सड़कों पर उपद्रव मचा हुआ है। जलिस्को और दूसरे राज्यों में हिंसा की वजह से कई घंटों तक रोडब्लॉक लगे रहे। कथित तौर पर एल मैन्चो के समर्थकों ने कई गाड़ियां फूंक दीं जिससे स्थिति बिगड़ गई। सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो में जलिस्को के टूरिस्ट शहर प्यूर्टो वालार्टा के ऊपर धुएं का बड़ा गुबार उठता दिख रहा है। कई लोग घबराहट में राज्य की राजधानी के एयरपोर्ट से भागते दिखे हैं।

अमेरिका ने क्या कहा?

अमेरिकी एम्बेसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा है कि यह ऑपरेशन मैक्सिकन स्पेशल फोर्स ने दोनों देशों के बीच सहयोग के तहत किया था और अमेरिकी अधिकारियों ने मेक्सिको की सेना को खुफिया मदद दी थी। बता दें कि अमेरिका ने एल मैंचो को पकड़ने के लिए उस पर करीब 15 मिलियन डॉलर तक का इनाम भी रखा था। अब मेक्सिको के इस कदम को देश की सरकार द्वारा डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने की एक कोशिश मानी जा रही है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।