सऊदी अरब को बचाने उतरे PAK-तुर्की, हूती हमलों के बीच एक्टिव हुआ मक्का समझौता

लाइव हिन्दुस्तान
share

बीते अगस्त महीने में तीनों देशों ने मक्का समझौते को सहमति दी थी। इस समझौते में नाटो की तर्ज पर यह शर्त रखी गई है कि समूह के किसी भी देश पर हमले को सभी देशों के विरुद्ध हमला माना जाएगा।

Pakistan and Turkey rapid deployment of troops to Saudi Arabia
मक्का समझौता अगस्त में लागू हुआ था

सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के एक के बाद एक हमलों के बीच पहली बार मक्का समझौता लागू हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' की शर्तों के तहत पाकिस्तान और तुर्की ने अपनी फौज को सऊदी अरब भेजने का फैसला किया है। यह फैसला सोमवार को रियाद में हुई एक इमरजेंसी बैठक के बाद लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक इस बैठक में तीनों देशों के बड़े नेता शामिल हुए। पाकिस्तान की तरफ से इसमें सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, विदेश मंत्री इशाक डार और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ समेत मौजूद रहे। इस दौरान तीनों देशों ने एक बयान जारी कर हूती विद्रोहियों के हमलों कड़ी निंदा की और कहा कि यह हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

अगस्त में हुआ था समझौता

इससे पहले बीते अगस्त महीने में मक्का समझौते पर सहमति बनी थी। नाटो के आर्टिकल 5 की तरह ही मक्का पैक्ट का मुख्य प्रावधान यही है कि किसी एक सदस्य देश पर हुआ सशस्त्र हमला सभी सदस्यों पर हमला माना जाएगा। यानी अगर किसी भी देश पर हमला होता है तो समूह के अन्य देशों को स्वतः ही बचाव के लिए उतरने का अधिकार देता है।

सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के बीच यह समझौता होने के करीब एक महीने बाद ही पाकिस्तान और तुर्की के लिए इम्तिहान की घड़ी सामने आ गई। खासकर पाकिस्तान को हूती विद्रोहियों के विरोध में आना था, जो ईरान समर्थित समूह है। बीते कुछ दिनों में सऊदी पर हूतियों के बढ़ते हमले के बाद भी चुप्पी साधे रखने के लिए पाकिस्तान की खूब आलोचना भी हो रही थी। अब चारों तरफ से हुई फजीहत के बाद पाकिस्तान सऊदी अरब की मदद के लिए तैयार हो गया है।

क्या बनी सहमति?

तीनों देशों ने समझौते की शर्तों को तुरंत जमीनी स्तर पर लागू करने और सैन्य टुकड़ियों को सऊदी अरब भेजने पर सहमति जताई है। तीनों देशों ने सैन्य बलों और संसाधनों की तुरंत तैनात करने का वादा किया है। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से यह खुलासा नहीं किया गया है कि सऊदी अरब में पाकिस्तान और तुर्की के कितने सैनिक तैनात किए जाएंगे। वहीं यह भी तय नहीं है कि ये सैनिक सीधे युद्ध के मैदान में उतरेंगे या केवल सऊदी अरब के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों और सीमाओं की सुरक्षा संभालेंगे।

गहराता युद्ध

इस बीच पश्चिम एशिया में युद्ध गहराता जा रहा है। हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब पर आरोप लगाया है कि उसने पिछले 24 घंटों में उनके इलाके में 106 हवाई हमले किए हैं। वहीं यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन की सेनाओं ने बाब अल-मंदेब के आसपास के कई महत्वपूर्ण इलाकों को फिर से अपने नियंत्रण में कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने बाब और हदीद शहरों को भी अपने नियंत्रण में ले लिया है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़सऊदी अरब को बचाने उतरे PAK-तुर्की, हूती हमलों के बीच एक्टिव हुआ मक्का समझौता