
गर्व की बात..; ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के बोंडी बीच आतंकी हमले पर ISIS ने क्या कहा?
घटना के 4 दिन बाद इस्लामिक स्टेट की ओर से पहली बार बयान सामने आया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामिक स्टेट ने इस हमले को गर्व की बात बताया है। आईएसआईएस ने अपने टेलीग्राम चैनल पर प्रकाशित एक लेख में हनुका उत्सव पर हुए हमले के संबंध में ये टिप्पणी की।
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के प्रसिद्ध बोंडी बीच पर हनुका उत्सव के दौरान 14 दिसंबर 2025 को हुए भयावह आतंकी हमले ने ऑस्ट्रेलिया को झकझोर कर रख दिया। इस गोलीबारी में 15 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए। हमलावर एक पिता-पुत्र की जोड़ी (साजिद अकरम और नवीद अकरम ) थे, जिन्हें इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) की विचारधारा से प्रेरित बताया जा रहा है। पुलिस ने इस घटना को यहूदियों को निशाना बनाकर किया गया आतंकी हमला घोषित किया है।
इस घटना के 4 दिन बाद इस्लामिक स्टेट (ISIS) की ओर से पहली बार बयान जारी किया गया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामिक स्टेट ने इस हमले को 'गर्व की बात' बताया है। आईएसआईएस ने अपने टेलीग्राम चैनल पर प्रकाशित एक लेख में हनुका उत्सव पर हुए हमले के संबंध में ये टिप्पणी की। हालांकि, समूह ने गोलीबारी की जिम्मेदारी नहीं ली है।
गौरतलब है कि बोंडी बीच पर हुए हमले को एक पिता-पुत्र की जोड़ी ने अंजाम दिया था, और अधिकारियों के अनुसार, यह हमला इस्लामिक स्टेट से प्रेरित था। आरोपियों में से एक साजिद अकरम (50) पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। जबकि उसका बेटा नवीद अकरम ( 24) गंभीर रूप से घायल हो गया और पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को कोमा से होश में आने के बाद नवीद पर हत्या और आतंकवाद सहित 59 अपराधों का आरोप लगाया गया। अदालत ने गुरुवार को पुष्टि की कि उनके मामले को अप्रैल 2026 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है, जबकि पुलिस ऑस्ट्रेलिया में इस्लामिक स्टेट नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस बीच ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने नफरत फैलाने वाले भाषणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की घोषणा की है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अल्बानीज ने कहा कि सरकार ऐसे कानून लाने पर विचार कर रही है जिससे नफरत फैलाने वाले भाषण और हिंसा को बढ़ावा देने वालों पर मुकदमा चलाना आसान हो जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वीजा रद्द करना या अस्वीकार करना आसान होगा, दंड भी बढ़ाया जाएगा, साथ ही नफरत फैलाने वाले भाषणों को बढ़ावा देने वाले नेताओं वाले संगठनों की एक सूची भी रखी जाएगी।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




