बात नहीं मानी तो... वेनेजुएला के नए नेताओं को लेकर अमेरिका की क्या है तैयारी? मार्को रुबियो ने खोला राज
अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार रुबियो ने कहा कि अगर सभी उपाय विफल हो जाते हैं, तो हम अधिकतम सहयोग सुनिश्चित करने के लिए बल प्रयोग को तैयार हैं। हमें उम्मीद है कि इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन अमेरिकी जनता के प्रति अपने कर्तव्य और इस गोलार्ध में अपने मिशन से हम पीछे नहीं हटेंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने वेनेजुएला को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वहां का अंतरिम नेतृत्व अमेरिकी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता, तो ट्रंप प्रशासन नई सैन्य कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। बुधवार को सीनेट की विदेश संबंध समिति के समक्ष पेश होने के लिए तैयार अपने बयान में रुबियो ने स्पष्ट किया कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला के साथ युद्ध की स्थिति में नहीं है और अंतरिम नेतृत्व सहयोग कर रहा है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल प्रयोग से इनकार नहीं किया जा सकता।
विदेश विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार रुबियो ने कहा कि अगर सभी उपाय विफल हो जाते हैं, तो हम अधिकतम सहयोग सुनिश्चित करने के लिए बल प्रयोग को तैयार हैं। हमें उम्मीद है कि इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन अमेरिकी जनता के प्रति अपने कर्तव्य और इस गोलार्ध में अपने मिशन से हम पीछे नहीं हटेंगे।
मादुरो के खिलाफ कार्रवाई का बचाव
बता दें कि पूर्व फ्लोरिडा सीनेटर रुबियो कांग्रेस के सामने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सबसे विवादास्पद विदेश नीति प्राथमिकताओं का बचाव करेंगे। इस दौरान उन्हें अपनी ही पार्टी के भीतर उठ रही उन चिंताओं को भी संबोधित करना पड़ सकता है, जो ट्रंप की ग्रीनलैंड को लेकर की गई मांगों जैसी पहलों से जुड़ी हैं।
वेनेजुएला पर केंद्रित सुनवाई में रुबियो ट्रंप प्रशासन के उन फैसलों का बचाव करेंगे, जिनमें निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने की कोशिश, मादक पदार्थों की तस्करी के संदेह में नावों पर सैन्य हमले और वेनेजुएला का तेल ले जा रहे प्रतिबंधित टैंकरों की जब्ती शामिल है। रुबियो उन आरोपों को खारिज करेंगे कि इन कार्रवाइयों से संविधान का उल्लंघन हुआ है। उनके अनुसार, वेनेजुएला के खिलाफ कोई युद्ध नहीं है। हमने किसी देश पर कब्जा नहीं किया है। वहां कोई अमेरिकी सैनिक मौजूद नहीं है। यह कानून प्रवर्तन में सहायता के लिए किया गया अभियान था।”
गौरतलब है कि निकोलस मादुरो ने अमेरिकी अदालत में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपों से इनकार करते हुए खुद को वेनेजुएला का वैध राष्ट्रपति बताया है और अपनी गिरफ्तारी का विरोध किया है। वहीं, कांग्रेस ने वेनेजुएला को लेकर ट्रंप की नीतियों पर अब तक कोई रोक नहीं लगाई है।
कांग्रेस में तीखी बहस
डेमोक्रेट सांसदों ने ट्रंप के कदमों को कार्यपालिका की सीमाओं से बाहर बताया है, जबकि अधिकांश रिपब्लिकन सदस्यों ने इसे राष्ट्रपति की संवैधानिक शक्तियों का वैध प्रयोग करार दिया है। समिति के अध्यक्ष, रिपब्लिकन सीनेटर जिम रिश ने सुनवाई की शुरुआत में ट्रंप और रुबियो की प्रशंसा करते हुए कहा कि वेनेजुएला और आसपास की सैन्य कार्रवाइयों से अमेरिका अधिक सुरक्षित हुआ है। उन्होंने कहा कि ये कार्रवाइयां सीमित, अल्पकालिक और अमेरिकी हितों की रक्षा के लिए थीं।
वहीं, समिति की शीर्ष डेमोक्रेट सीनेटर जीन शाहीन ने सवाल उठाया कि मादुरो को हटाने का अभियान कितना प्रभावी रहा, क्योंकि उनके अधिकांश सहयोगी अब भी सत्ता में हैं। उन्होंने कहा कि नौसैनिक नाकेबंदी और छापों पर अमेरिकी करदाताओं के सैकड़ों मिलियन डॉलर खर्च हो चुके हैं, जबकि मादुरो शासन अब भी कायम है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


