
वायरल टिकटॉकर को बीच चौराहे गोलियों से भूना, जिहादियों ने लाइव स्ट्रीमिंग के समय किया था अगवा
घटना ऐसे समय हुई है जब माली की सैन्य सरकार जिहादी हिंसा को रोकने में संघर्ष कर रही है। हाल के हफ्तों में अल-कायदा से जुड़े समूह JNIM ने ईंधन आपूर्ति पर भी रोक लगा दी है, जिससे आम लोगों की जिंदगियां अस्त व्यस्त हो गईं।
माली में एक युवा टिकटॉकर की सरेआम हत्या ने पूरी दुनिया में सनसनी मचा दी है। जानकारी के मुताबिक आंतरिक संघर्षों से जूझ रहे माली में हाल ही में मारियम सिसे नाम की सोशल मीडिया स्टार की किडनैपिंग के बाद सार्वजनिक रूप से हत्या कर दी गई। कथित तौर पर यह हत्या जिहादी समूहों ने की। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि मारियम पर आरोप था कि वह माली की सेना की मदद करती है। इस घटना से पूरा देश में सहम उठा है। बता दें कि माली 2012 से जिहादी हिंसा का सामना कर रहा है।

पीड़ित मारियम सिसे के टिकटॉक पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर थे। वह अक्सर अपने इलाके की जिंदगी के वीडियो शेयर करती थी और कई बार सेना के समर्थन में भी पोस्ट करती थी। उसके परिवार के मुताबिक बीते गुरुवार को जिहादियों ने उसे यह कहते हुए पकड़ लिया कि वह सेना को उनकी गतिविधियों की जानकारी दे रही है। उसके भाई ने बताया कि मारियम उस समय शहर के बाजार में लाइव-स्ट्रीम कर रही थी, तभी उसे उठा लिया गया।
अगले दिन मारियम को मोटरसाइकिल से टोंका लाया गया। यहां चौराहे पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसी समय उसका भाई भी वहां मौजूद भीड़ में था। एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि जिहादियों ने आरोप लगाया कि मारियम ने उनका वीडियो बनाकर सेना को भेजा था।
माली मे बिगड़े हालात
यह घटना ऐसे समय हुई है जब देश की सैन्य सरकार जिहादी हिंसा को रोकने में संघर्ष कर रही है। हाल के हफ्तों में अल-कायदा से जुड़े समूह JNIM ने ईंधन आपूर्ति पर रोक लगा दी है, जिससे आम लोगों की जिंदगी पर बड़ा असर पड़ा है। इस बीच अफ्रीकी संघ आयोग के अध्यक्ष महमूद अली यूसुफ ने हाल ही में एक बयान में कहा कि हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिहादी समूहों की वजह से जरूरी सामान की आपूर्ति बाधित हो रही है और आम लोगों के लिए हालात बहुत कठिन हो गए हैं। उन्होंने निर्दोष नागरिकों पर हमलों की निंदा की है और कहा है कि अफ्रीकी संघ माली और पूरे साहेल क्षेत्र की मदद के लिए हमेशा तैयार है।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


