
टल गया एक बड़ा युद्ध? अमेरिका और ईरान में शुरू होने जा रही बातचीत; तुर्की में होगी सीधी वार्ता
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध फिलहाल टल गया है। तुर्किए की मध्स्थता की पेशकश के बाद ईरान के राष्ट्रपति ने अपने विदेश मंत्री को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता का निर्देश दिया है। ऐसे में साफ है कि वह अमेरिका से बात करना चाहता है।
अमेरिका और ईरान के बीच बीते कुछ दिनों से तनाव चरम पर था और ऐसा लग रहा था कि कभी भी युद्ध छिड़ जाएगा। हालांकि यह तनाव कम होता नजर आ रहा है। तुर्किए की तरफ से मध्यस्थता की पेशकश के बाद ईरान के राष्ट्रपति ने मंगलवार को अमेरिका के साथ वार्ता को हरी झंडी दे दी है। उन्होंने विदेश मंत्री को अमेरिका के साथ 'तर्कसंगत और न्यायसंगत' बातचीत आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। यह तेहरान की ओर से अब तक का सबसे स्पष्ट संकेत है कि वह वाशिंगटन के साथ बातचीत की कोशिश करना चाहता है।
यह घोषणा राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के रुख में एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है। बीते कुछ हफ्तों से वह ईरानी जनता को चेतावनी दे रहे थे कि देश में हालात उनके नियंत्रण से बाहर हो चुके हैं। यह बयान इस बात का भी संकेत देता है कि उन्हें अमेरिका के साथ बातचीत के लिए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खोमेनेई का समर्थन मिला है, जिन्होंने पहले ऐसे किसी भी संवाद को खारिज कर दिया था।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान और अमेरिका किसी समझौते तक पहुंच पाएंगे या नहीं, खासकर इसलिए क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत की किसी भी प्रक्रिया में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को अपनी प्रमुख मांगों में शामिल कर रखा है। ट्रंप ने जून में इजराइल द्वारा शुरू किए गए 12 दिवसीय युद्ध के दौरान ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर बमबारी के आदेश दिए थे।
पेजेशकियान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अंग्रेजी और फ़ारसी में लिखा कि यह फैसला ''क्षेत्र के मित्र देशों की ओर से अमेरिका के राष्ट्रपति के बातचीत के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देने के अनुरोध'' पर लिया गया है। उन्होंने कहा, ''मैंने अपने विदेश मंत्री को निर्देश दिया है कि यदि उपयुक्त माहौल हो यानी धमकियों और अनुचित अपेक्षाओं से मुक्त वातावरण, तो वह गरिमा, विवेक और दूरदर्शिता के सिद्धांतों के अनुरूप तर्कसंगत और न्यायसंगत बातचीत को आगे बढ़ाएं।'

लेखक के बारे में
Ankit Ojhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




