संसद में PM पर अंडों की बारिश! कोसोवो में विपक्षी सांसदों ने किया जोरदार विरोध

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यह घटना उस समय हुई जब कुर्ति की सत्ताधारी पार्टी 'वेतेवेंदोसजे' 7 जून को हुए संसदीय चुनावों के बाद नई सरकार और संवैधानिक पदों के गठन के लिए विपक्षी दलों के साथ बातचीत कर रही थी।

कोसोवो की संसद में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई और कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी, जब विपक्षी सांसद टाइम काद्रियाज (Time Kadrijaj) ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ति (Albin Kurti) पर सीधे अंडे फेंक दिए।

यह घटना उस समय हुई जब कुर्ति की सत्ताधारी पार्टी 'वेतेवेंदोसजे' (Vetevendosje) 7 जून को हुए संसदीय चुनावों के बाद नई सरकार और संवैधानिक पदों के गठन के लिए विपक्षी दलों के साथ बातचीत कर रही थी।

'शर्म करो': संसद में सिक्योरिटी ने पीएम को घेरा

विपक्षी दल 'अलायंस फॉर द फ्यूचर ऑफ कोसोवो' (AAK) की सांसद टाइम काद्रियाज अचानक अपनी सीट से उठीं और पहली पंक्ति में बैठे कार्यवाहक पीएम कुर्ति की तरफ बढ़ीं। उन्होंने कुर्ति पर एक के बाद एक कई अंडे फेंके और चिल्लाते हुए कहा— "शर्म करो!"

घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों और अन्य सांसदों ने कुर्ति को घेर लिया। संसद के सभापति ने टीवी और सोशल मीडिया पर चल रहे लाइव प्रसारण को तुरंत रोकने का निर्देश दिया और कार्यवाही स्थगित कर दी।

घटना के बाद कुर्ति शांत नजर आए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "अगर राजनीतिक संवाद को जीवित रखने की कीमत अंडे खाना है, तो मैं सहर्ष यह कीमत चुकाने को तैयार हूं।"

दो साल में तीन चुनाव; राजनीतिक संकट गहराया

संसद में यह हंगामा तब हुआ जब कुर्ति ने नए राष्ट्रपति के चुनाव पर सहमति बनाने के लिए सांसदों से कुछ और समय मांगा। उन्हें संसद अध्यक्ष के नाम का प्रस्ताव रखना था, लेकिन आम सहमति न बनने के कारण उन्होंने अतिरिक्त समय की गुहार लगाई।

7 जून को कुल 120 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे आए। इसमें वेतेवेंदोसजे (एल्बिन कुर्ति) ने 53 सीटें जीतीं, लेकिन बहुमत से दूर रह गई। इस चुनाव में कोसोवो डेमोक्रेटिक पार्टी (PDK) ने 22 सीटें और डेमोक्रेटिक लीग ऑफ कोसोवो (LDK) ने 18 सीटें जीतीं। इन नतींजों के बाद कोसोवो में राजनीतिक गतिरोध बेहद गंभीर रूप ले चुका है।

120 सीटों वाली संसद में सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत है, लेकिन कुर्ति की पार्टी के पास 53 सीटें हैं। एलडीके (LDK) प्रमुख लुमिर अब्दिशिकु के साथ उनकी गठबंधन वार्ता अब तक बेनतीजा रही है।

चुनाव नतीजे घोषित होने के 30 दिनों के भीतर संसद का गठन करना अनिवार्य था, जिसकी समयसीमा शुक्रवार को खत्म हो गई।

अगर अगले दो महीनों के भीतर नए राष्ट्रपति का चुनाव नहीं हो पाता है, तो संविधान के अनुसार कोसोवो को दो साल के भीतर चौथी बार संसदीय चुनावों का सामना करना पड़ेगा।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़संसद में PM पर अंडों की बारिश! कोसोवो में विपक्षी सांसदों ने किया जोरदार विरोध