
कराची पुलिस अफसर की पत्नी को फिल्म धुरंधर से दिक्कत, कहा- अगर कुछ गलत दिखाया तो...
रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म जासूसी पर आधारित है। इस महीने की शुरुआत में जारी किया गया फिल्म का ट्रेलर कराची के कुख्यात ल्यारी इलाके की कहानी की झलक पेश करता है, जहां कभी 2 प्रतिद्वंद्वी आपराधिक गिरोहों का दबदबा था।
पाकिस्तान पुलिस के अफसर दिवंगत चौधरी असलम आतंकवादी और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अपनी बहादुरी व एनकाउंटर एक्सपर्ट के रूप में मशहूर रहे। अब उनकी पत्नी ने धमकी दी है कि अगर उनके पति को बॉलीवुड फिल्म धुरंधर में गलत और नकारात्मक तरीके से दिखाया गया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी। रणवीर सिंह अभिनीत और आदित्य धर की ओर से निर्देशित यह फिल्म जासूसी पर आधारित है। इस महीने की शुरुआत में जारी किया गया फिल्म का ट्रेलर कराची के कुख्यात ल्यारी इलाके की कहानी की झलक पेश करता है, जहां कभी 2 प्रतिद्वंद्वी आपराधिक गिरोहों का दबदबा था।

फिल्म में दिग्गज अभिनेता संजय दत्त चौधरी असलम का किरदार निभा रहे हैं। इस पुलिस अधिकारी की हत्या पाकिस्तान तहरीक-ए-तालिबान ने की थी। 9 जनवरी, 2014 को ल्यारी एक्सप्रेसवे पर असलम की कार पर हुए बम हमले में दो अन्य पुलिस अधिकारी, उनके ड्राइवर और सुरक्षाकर्मी भी मारे गए थे। असलम को ल्यारी गैंगस्टरों, जिनमें रहमान डकैत और उजैर बलोच के साथ-साथ तालिबान आतंकवादी भी शामिल थे, पर कानून लागू करने वाली एजेंसियों की कार्रवाई का नेतृत्व करने के लिए जाना जाता था।
नौरीन असलम को किस बात पर आपत्ति
जियो डिजिटल मंच को दिए इंटरव्यू में असलम की पत्नी नौरीन असलम ने कहा कि वह 5 दिसंबर को भारतीय सिनेमाघरों में फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रही हैं, क्योंकि तभी उन्हें पता चलेगा कि फिल्म निर्माताओं ने उनके पति को कैसे चित्रित किया है। नौरीन ने ट्रेलर में एक संवाद पर भी आपत्ति जताई, जिसमें असलम को शैतान और जिन्न की संतान बताया गया है। नौरीन ने कहा, ‘हम मुसलमान हैं और ऐसे शब्द न केवल असलम, बल्कि उनकी मां, जो एक सीधी-सादी महिला थीं, का भी अपमान करते हैं। अगर मुझे फिल्म में अपने पति को गलत तरीके से चित्रित या उनके खिलाफ कोई दुष्प्रचार होता हुआ दिखाई देता है, तो मैं निश्चित रूप से हर संभव कानूनी कदम उठाऊंगी।’

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




