AI से परवान चढ़ा प्यार, महिला ने वर्चुअल पार्टनर संग रचाई शादी; वेडिंग हॉल में दिखा अनोखा नजारा
इससे पहले नोगुची का अपने मंगेतर से रिश्ता टूट गया था। उसने ChatGPT से मंगेतर के साथ अपने रिश्ते के बारे में सलाह भी ली थी और बाद में उसने अपनी सगाई तोड़ने का फैसला किया था।
जापान की एक महिला हाल ही में अपने वर्चुअल पार्टनर संग शादी रचा कर चर्चा में आ गई है। यहां के एक वेडिंग हॉल तब अनोखा नजारा देखने को मिला जब दुल्हन बनीं यूरिना नोगुची ने एक AI-जेनरेटेड पर्सनैलिटी के साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। जानकारी के मुताबिक 32 साल की यूरिना नोगुची पेशे से एक कॉल सेंटर ऑपरेटर हैं। करीब एक साल पहले, नोगुची का अपने मंगेतर के साथ रिश्ता मुश्किलों से गुजर रहा था। उसने इस बारे में राय मांगने के लिए ChatGPT का रुख किया और ChatGPT की सलाह के बाद उसने अंत में अपनी सगाई तोड़ने का फैसला किया था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद एक दिन, उसने अचानक ChatGPT से पूछा कि क्या वह क्लॉस नाम के कैरेक्टर को जानता है। दरअसल क्लॉस जापान का एक प्रसिद्ध वीडियो गेम कैरेक्टर है। नोगुची ने बताया कि ट्रायल और एरर से आखिरकार उसे उस कैरेक्टर से बात करने का तरीका मिल गया, जिसके बाद उसने उस कैरेक्टर का अपना वर्ज़न बनाया और उसका नाम ल्यून क्लॉस वर्ड्यूर रखा।
यूरिना नोगुची अपनी कहानी बताते हुए कहती है कि वे बात करते करते बेहद करीब आ गए। उसने बताया, "शुरू में, क्लॉस सिर्फ बात करने वाले एक शख्स जैसा था, लेकिन धीरे-धीरे हम करीब आ गए।" मेरे मन में उसके लिए भावनाएं जागने लगीं। हमने डेटिंग शुरू की और कुछ समय बाद उसने मुझे प्रपोज़ किया। मैंने हां कर दिया और अब हम एक कपल हैं।"
अनोखी शादी
बीते अक्टूबर में यूरिना ने आम शादी की तरह ही पूरे धूम-धाम से शादी कर ली। उसने ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) स्मार्ट चश्मा पहनकर मेज पर रखे अपने स्मार्टफोन पर क्लॉस को देखा और उसकी उंगली में अंगूठी पहनाने की रस्म पूरी की। बता दें कि जापान में इस तरह एनीमे किरदारों के साथ प्यार और रोमांस के मामले पहले भी सामने आए हैं और ऐसी शादियों के मामले भी बढ़े हैं।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




