Hindi Newsविदेश न्यूज़Israel preparing for a major attack on Iran Benjamin Netanyahu will also meet Trump
ईरान पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा इजरायल? डोनाल्ड ट्रंप से भी मिलेंगे बेंजामिन नेतन्याहू

ईरान पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा इजरायल? डोनाल्ड ट्रंप से भी मिलेंगे बेंजामिन नेतन्याहू

संक्षेप:

रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल एक बार फिर ईरान पर हमले की तैयारी कर रहा है। अमेरिका दौरे के दौरान इजरायली प्रधानमंत्री इस बारे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी चर्चा कर सकते हैं। 

Dec 21, 2025 09:50 am ISTAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

इजरायल एक बार फिर ईरान पर हमला कर सकता है। जानकारी के मुताबिकि ईरान के बलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम से भड़का इजरायल एक बार फिर स्ट्राइक करने की योजना बना रहा है। 29 दिसंबर को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने वाले हैं। इस दौरान वह ट्रंप को आगे की योजना पर पूरी जानकारी दे सकते हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

ईरान के अधिकारियों का कहना है कि मिसाइल अभियान के चलते डोनाल्ड ट्रंप भी चाहते हैं कि ईरान पर हमला हो। अधिकारी ने कहा कि इजरायल ने अमेरिका के अधिकारियों से पहले भी इस बारे में बात की है। बता दें कि इजरायल और ईऱान में हाल ही में युद्ध हो गया था। इसके बाद अमेरिका ने भी ईरान के परमाणु ठिकानों पर बमबारी की थी।

रिपोर्ट्स में बताया गया कि ईरान ने परमाणु ठिकाने फिर से बना लिए हैं और इसको लेकर इजरायल चिंतित है। वहीं ईरान बलिस्टिक मिसाइल बनाने जा रहा है जो कि इजरायल के लिए ज्यादा चिंता का सबब बना हुआ है। सूत्रों का कहना है कि बेंजामिन नेतन्याहू डोनाल्ड ट्रंप से पूछ सकते हैं कि ईरान के खिलाफ अभियान में अमेरिका किस तरह की मदद करेगा।

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफ़ेल ग्रॉसी ने कहा है कि संगठन ईरान के सबसे संवेदनशील परमाणु ठिकानों तक पहुंच नहीं बना सका है। उधर ईरान ने कहा है कि वह 'अपने परमाणु संयंत्रों और वैज्ञानिकों की सुरक्षा' से जुड़ी चिंताओं के कारण आईएईए पर भरोसा नहीं कर सकता।

रूस की समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती ने श्री ग्रॉसी के हवाले से कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हालात सामान्य होने के बाद निरीक्षक कुछ परमाणु इकाइयों पर गये थे, लेकिन जिन परमाणु ठिकानों को उस समय अमेरिकी हमले में नुकसान हुआ था वहां वे अब भी नहीं पहुंच पाये थे।

रिपोर्ट में ग्रॉसी के हवाले से कहा गया, "हमें उन्हीं ठिकानों पर जाने दिया गया है जिन पर हमला नहीं हुआ था। नतांज़, इस्फ़ाहन और फोर्डाें तक पहुंचना और भी ज़्यादा अहम है क्योंकि इन ठिकानों पर काफ़ी मात्रा में परमाणु सामग्री और उपकरण मौजूद हैं।"

गौरतलब है कि इजरायल और ईरान के बीच जून 2025 में तनाव बढ़ गया था और दोनों देशों ने एक-दूसरे पर हवाई हमले किये थे। इजरायल ने ईरान पर एक खुफिया परमाणु कार्यक्रम चलाने का आरोप लगाया था, जिसे ईरान ने सिरे से ख़ारिज किया है। इजरायल ने इस दावे के साथ 13 जून को ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर हमला बोला था। इसके नौ दिन बाद अमेरिका ने भी 22 जून को नतांज़, इस्फ़ाहन और फोर्डाे में ईरान के परमाणु ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने जून के आखिर में एक संसदीय कानून के तहत आईएईए के साथ अपना सहयोग निरस्त कर दिया था। ईरान ने कहा था कि एजेंसी इज़रायली और अमेरिकी हमलों की निंदा करने में असमर्थ रही है। इसके साथ ही ईरान ने अपने परमाणु ठिकानों और वैज्ञानिकों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं का हवाला भी दिया था।

आईएईए तब से ईरान से कह रहा है कि वह अपने निरीक्षकों को देश में लौटने दे और परमाणु संयंत्रों का निरीक्षण फिर से शुरू करे। इस आग्रह को हाल ही में श्री ग्रॉसी ने अर्जेंटीना के एक अखबार को दिए साक्षात्कार में दोहराया था। इसके जवाब में ईरान के विदेश मंत्री इस्माइल बगाई ने कहा है कि ग्रॉसी ने बार-बार वही बातें कही हैं, जिससे मौजूदा हकीकत नहीं बदलेगी।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha
अंकित ओझा पिछले 8 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अंकित ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से स्नातक के बाद IIMC नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया है। इसके बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय डेस्क पर कार्य करने का उनके पास अनुभव है। इसके अलावा बिजनेस और अन्य क्षेत्रों की भी समझ रखते हैं। हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही पंजाबी और उर्दू का भी ज्ञान है। डिजिटल के साथ ही रेडियो और टीवी के लिए भी काम कर चुके हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।